जयपुर/ गौरव कोचर/राजधानी के जयपुर दक्षिण जिले में संगठित अपराधियों, असामाजिक तत्वों और वांछित बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़े स्तर पर धरपकड़ अभियान चलाया। एक दिवसीय विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 111 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान 19 नए आपराधिक प्रकरण दर्ज कर अवैध हथियार और मादक पदार्थ भी जब्त किए गए हैं।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में गठित हुईं विशेष टीमें
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज (IPS) ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संगठित अपराधों पर प्रभावी रोकथाम के लिए यह सघन अभियान चलाया गया। अभियान को सफल बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा (RPS) के सुपरविजन में जिले के समस्त सहायक पुलिस आयुक्तों, थानाधिकारियों, डीएसटी (DST) और साइबर सेल की विशेष टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर यह कार्रवाई की।
कार्रवाई के प्रमुख आंकड़े:
- कुल गिरफ्तार अभियुक्त: 111 (विभिन्न प्रकरणों में वांछित 25, बीएनएसएस की धारा 170 में 54, स्थायी वारंटी 12, गिरफ्तारी वारंट में 20 और अन्य मामलों में 4 अभियुक्त)।
- कुल दर्ज प्रकरण: 19 (आबकारी अधिनियम में 12, आर्म्स एक्ट में 4, एनडीपीएस एक्ट में 1 और आरपीजीओ एक्ट में 1 प्रकरण दर्ज)।
- बरामदगी: 1 देसी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 2 धारदार चाकू और 3.54 ग्राम अवैध स्मैक।
एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट में धरे गए आरोपी
पुलिस थाना ज्योतिनगर द्वारा एनडीपीएस एक्ट में त्वरित कार्रवाई करते हुए रूडाराम कंजर (सांसी) (उम्र 38 वर्ष, निवासी कठपूतली कॉलोनी कच्ची बस्ती, ज्योति नगर) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.54 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
वहीं, आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज 4 प्रकरणों में 1 देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और धारदार चाकू सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया:
- धर्मेन्द्र उर्फ टाईगर (उम्र 24 वर्ष), निवासी मुढेरा, थाना जनूथर, डीग।
- शाहरूख (उम्र 27 वर्ष), निवासी मेहनत नगर, हटवाड़ा, थाना सोडाला, जयपुर।
- कानाराम बागरिया (उम्र 40 वर्ष), निवासी बलवन्तगढ़, थाना सिरोही कोतवाली; हाल खेतापुरा रिंग रोड, थाना शिवदासपुरा, जयपुर।
- कन्हैया लाल सिंधी (उम्र 51 वर्ष), निवासी जेडीए कॉलोनी, गोदीवान की ढाणी, थाना भांकरोटा, जयपुर।
आबकारी अधिनियम में 12 अभियुक्त गिरफ्तार
अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने 12 आरोपियों को दबोचा, जिनमें कृष्णा केवट (महेशनगर), कालुराम बावरिया (शिवदासपुरा), श्रसाल बावरिया (शिवदासपुरा), अब्दुल वहीद (कठपुतली कच्ची बस्ती, ज्योतिनगर), लक्ष्मी देवी सांसी (श्यामनगर), चन्द्रकला देवी सांसी (सीतापुरा), हेमराज नाथ कालबेलिया (नारायण विहार), अंकित राजपूत (भांकरोटा), पवन कुमार बिलोनिया (मानसरोवर), सुनील सांसी (पत्रकार कॉलोनी), पुजा सांसी (त्रिवेणी नगर, शिप्रापथ) और राधेश्याम केवट (शिप्रापथ) शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
ललित शर्मा (अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सुपरविजन), समस्त सहायक पुलिस आयुक्त (जयपुर दक्षिण), समस्त थानाधिकारी (जयपुर दक्षिण), डीएसटी टीम (जयपुर दक्षिण) एवं साइबर सेल टीम (जयपुर दक्षिण)।