जयपुर जिले में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ का सम्मान
│ रिपोर्ट – नरेश गुनानी, टेलीग्राफ टाइम्स•
- जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर सम्मान कार्यक्रम
- सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी कर रहे सम्मान
- सम्मान से दूसरे बीएलओ में भी बढ़ रहा उत्साह, प्रेरणा लेकर कर रहे बेहतर कार्य
जयपुर, 19 नवंबर।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत जयपुर जिले में परिगणना कार्य तेजी से प्रगति पर है। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में परिगणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटलीकरण किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी स्वयं समीक्षा कर रहे हैं और नियमित अंतराल में प्रगति रिपोर्ट लेकर कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित कर रहे हैं।
फ़ोटो टेलीग्राफ टाइम्स
विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बेहतर कार्य करने वाले बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) की पहचान कर उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जा रहा है। डॉ. सोनी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि जो बीएलओ समय पर, गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित कार्य कर रहे हैं, उन्हें तुरंत सम्मानित किया जाए, ताकि मैदानी स्तर पर कार्यरत टीम का मनोबल मजबूत बना रहे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा ने बताया कि इस पहल का बेहद सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है। सम्मानित बीएलओ प्रेरणास्रोत बनकर उभर रहे हैं और उनके कार्य से प्रेरित होकर अन्य बीएलओ भी अपनी जिम्मेदारियों को अधिक गंभीरता, पारदर्शिता और दक्षता के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे मतदाता सूची को अद्यतन, सटीक और त्रुटिरहित बनाने की मूल आधारशिला हैं। सम्मान मिलने से उनमें जिम्मेदारी का भाव और अधिक प्रबल हुआ है।
उन्होंने यह भी बताया कि जयपुर जिले में मतदाता सूची को अधिकतम सटीकता के साथ तैयार करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए फील्ड में कार्यरत हर बीएलओ को आवश्यक सहयोग, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।