जयपुर जिले में बारिश का दौर जारी, जिला प्रशासन अलर्ट
जयपुर, 24 अगस्त। लोकेंद्र सिंह शेखावत। टेलीग्राफ टाइम्स
राजधानी जयपुर सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। भारी बरसात के चलते कई जगह जल भराव की स्थिति बन गई है, जिसके प्रबंधन और राहत कार्यों के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं और उन्होंने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कलक्टर के आदेश पर जिला प्रशासन की 46 विशेष टीमें फील्ड में तैनात की गई हैं, जो बारिश से उत्पन्न आपात स्थितियों से निपटने और प्रभावित लोगों को राहत पहुँचाने में जुटी हैं।
डॉ. सोनी स्वयं भी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल भराव वाली जगहों का दौरा कर हालात का जायज़ा ले रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी भी क्षेत्र में नागरिकों को असुविधा न हो।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपदा या परेशानी की स्थिति में तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।