जयपुर जिला प्रशासन ने भूमिहीन सरकारी संस्थानों के लिए की बड़ी पहल
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 13,2025
496 बीघा से अधिक भूमि आवंटित, 240 प्रकरणों में मिली मंजूरी
जयपुर, 13 अगस्त। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों के अनुपालन में जयपुर जिला प्रशासन ने भूमिहीन राजकीय कार्यालयों, विद्यालयों और खेल मैदानों को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रशासन ने एक वर्ष से भी कम समय में विशेष अभियान चलाकर 141 संस्थानों के लिए भूमि आवंटन किया है। इसके तहत 496 बीघा से अधिक भूमि आवंटित की गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस अभियान में विद्यालयों और खेल मैदानों को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गई। कुल आवंटन में से 40 प्रस्ताव विद्यालयों एवं खेल मैदानों से जुड़े थे। इसके अलावा उप स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सैटेलाइट एवं उप जिला अस्पताल, पशु चिकित्सा केन्द्र, विभिन्न विभागों के कार्यालय, श्मशान और कब्रिस्तान के लिए भी भूमि उपलब्ध कराई गई है।
प्रशासन ने बताया कि जयपुर विकास प्राधिकरण को भी 835 बीघा से अधिक भूमि के 99 आवंटन प्रस्ताव भेजे गए हैं, ताकि भविष्य में भी आमजन की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी ढांचा विकसित किया जा सके।
भूमि आवंटन का लाभ शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजस्व विभाग, कॉलेज शिक्षा विभाग, कृषि विभाग सहित कई अन्य सरकारी विभागों को मिलेगा।
इस पहल से न केवल सरकारी संस्थानों के भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा, बल्कि आमजन को राजकीय कार्यालयों और चिकित्सालयों में सुविधाएं भी सुलभ होंगी। वहीं, खेल मैदान विकसित होने से खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
जिला प्रशासन का दावा है कि विगत एक वर्ष में 240 से अधिक प्रकरणों में भूमि आवंटन सुनिश्चित कर प्रशासन ने आमजन की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम उपलब्धि हासिल की है।