जयपुर जिला प्रशासन ने बारिश से हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति और राहत कार्यों पर दिए सख्त निर्देश

जयपुर जिला प्रशासन ने बारिश से हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति और राहत कार्यों पर दिए सख्त निर्देश
डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बनाई कार्ययोजना

By : गौरव कोचर 
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 05,2025

जयपुर, 5 अगस्त।
जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में बारिश से उत्पन्न समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्षा जनित परिस्थितियों से हुए नुकसान की नियमानुसार क्षतिपूर्ति समय पर होनी चाहिए और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

जलभराव और सड़क मरम्मत पर जोर

कलक्टर ने जलभराव वाले क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, मड पंप और मिट्टी के कट्टों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आपदा राहत उपकरणों को तैयार रखने और नियंत्रण कक्षों के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत, गड्ढों को भरने, जल निकासी व्यवस्था सुधारने और बारिश में बहकर आए कचरे को तुरंत हटाने को कहा।

जर्जर भवनों पर कार्रवाई

डॉ. सोनी ने जर्जर भवनों के चिन्हीकरण और ध्वस्तीकरण, साथ ही क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत के लिए तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश दिए ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के कार्यक्रम

कलक्टर ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत वॉल पेंटिंग, पर्यटन स्थलों पर तिरंगा थीम पेंटिंग, तिरंगा मेला, संगीत कार्यक्रम, सफाई अभियान, रंगोली, राखी निर्माण, कविता एवं निबंध प्रतियोगिताएं और जनजागरूकता रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।

Photo credit Telegraph Times

 

नरेगा आखर और रास्ता खोलो अभियान

बैठक में नरेगा आखर अभियान के तहत मनरेगा श्रमिकों को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने की प्रगति की समीक्षा की गई। ‘रास्ता खोलो’ अभियान में प्रत्येक तहसील में आपसी सहमति से प्रति सप्ताह तीन रास्ते खोलने और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रेवल/सीसी सड़कों का निर्माण कर लोगों को राहत देने की योजना पर चर्चा हुई।

राजस्व और सामाजिक सुरक्षा प्रकरणों का निस्तारण

कलक्टर ने लंबित राजस्व प्रकरणों जैसे कुर्रेजात, सीमाज्ञान, नामांतरण, पत्थरगढ़ी, भू-रूपांतरण आदि की मिशन मोड में सुनवाई के निर्देश दिए। साथ ही पेंशन से जुड़े मामलों का त्वरित निपटारा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिकाधिक लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

फील्ड विजिट और जनसुनवाई पर फोकस

डॉ. सोनी ने अधिकारियों को नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण, स्थानीय स्तर पर जनसुनवाई और रात्रि चौपालों के जरिए लोगों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘राजस्थान संपर्क पोर्टल’ पर दर्ज परिवादों का शीघ्र और प्रभावी निस्तारण करने को कहा।

बैठक में नगर निगम जयपुर ग्रेटर के आयुक्त गौरव सैनी, जिला परिषद सीईओ प्रतिभा वर्मा, विभिन्न एडीएम, जयपुर विकास प्राधिकरण, पीडब्ल्यूडी, विद्युत, शिक्षा, जलदाय, महिला एवं बाल विकास, सहकारिता सहित कई विभागों के अधिकारी और सभी उपखंड अधिकारी मौजूद रहे।


 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

विकसित भारत 2047 की परिकल्पना: सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय शिक्षा शिखर सम्मेलन का शुभारंभ

जयपुर।/योगेश शर्मा/सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय (एसजीवीयू), जयपुर में तीन...