जयपुर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर : जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने संभाला मोर्चा
जयपुर, 02 सितम्बर 2025। गौरव कोचर। टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर जिले में लगातार हो रही वर्षा के चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी स्वयं फील्ड पर उतरकर हालात की निगरानी कर रहे हैं और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने कोटखावदा, बस्सी और तुंगा सहित कई ग्रामीण इलाकों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सोनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव और डूब क्षेत्र वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

40 से अधिक टीमें फील्ड में सक्रिय
जिला कलक्टर के निर्देश पर प्रशासन की 40 से ज्यादा टीमें विभिन्न स्थानों पर तैनात की गई हैं। इनमें उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हैं। ये टीमें प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने, राहत कार्यों को गति देने और आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति का कार्य कर रही हैं।
राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा
जिला कलक्टर डॉ. सोनी ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री और चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि रपट वाले स्थानों पर विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएं और आवागमन पर सख्ती से निगरानी रखी जाए। प्रशासन लगातार राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा कर रहा है ताकि जिले के किसी भी हिस्से में आमजन को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
आमजन से अपील
डॉ. सोनी ने लोगों से अपील की है कि वे जलभराव और वर्षाजनित परिस्थितियों में सतर्कता बरतें। किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष अथवा स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0141-2204475 और 0141-2204476 पर 24 घंटे सहायता उपलब्ध है।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि बहते पानी की रपट या पुलिया को पार न करें, बच्चों को जलभरे स्थानों या नालों के पास न जाने दें और जल स्रोतों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
जयपुर जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे।