जयपुर/ गौरव कोचर/पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षिराज (IPS) के निर्देशन में डीएसटी टीम जयपुर दक्षिण और पुलिस थाना शिप्रापथ ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए शहर में लूट व स्नेचिंग की वारदातें करने वाले दो शातिर विधि से संघर्षरत बालकों (बाल अपचारियों) को निरुद्ध किया है। पकड़े गए बाल अपचारियों के कब्जे से लूटी गई एक सोने की चैन, 2 लूटे हुए मोबाइल फोन तथा वारदातों में इस्तेमाल की गई चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
घटना का विवरण
12 अगस्त 2026 को गायत्री नगर-ए, महारानी फार्म, दुर्गापुरा निवासी 63 वर्षीय अशोक कुमार जैन ने थाना शिप्रापथ में मामला दर्ज कराया। रिपोर्ट के अनुसार, 11 अगस्त की रात करीब 9:20 बजे जब वे गायत्री नगर-ए में मकान नंबर 8 के सामने से गुजर रहे थे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर करीब 2 तोले की सोने की चैन लूट ली और फरार हो गए। इस पर पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सुमेर सिंह को सौंपी।
100 से अधिक सीसीटीवी खंगालकर पकड़े गए आरोपी
घटना के खुलासे के लिए गठित विशेष टीम के कांस्टेबल छोटूराम व कांस्टेबल देवेंद्र ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के जरिए संदिग्धों और उनकी बाइक के नंबर की पहचान की गई। पड़ताल में सामने आया कि वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल थाना झोटवाड़ा क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके बाद 21 अगस्त 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों बाल अपचारियों को डिटेन कर लिया।
पूछताछ में कई वारदातें कबूलीं
पुलिस पूछताछ में दोनों बाल अपचारियों ने खुलासा किया कि वे चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर राहगीरों को निशाना बनाते थे। उन्होंने थाना शिप्रापथ इलाके से 1 चैन, 1 पर्स व 2 मोबाइल लूटने के अलावा थाना नारायण विहार इलाके में भी लूट की एक वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस मामले में आगे की अग्रिम जांच कर रही है।
पुलिस टीम: अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त हेमेन्द्र शर्मा, पुलिस निरीक्षक हितेश शर्मा (थानाधिकारी शिप्रापथ), सहायक उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, कांस्टेबल छोटूराम, कांस्टेबल देवेंद्र तथा जयपुर दक्षिण डीएसटी टीम।