जयपुर/ सुनील शर्मा/जिला कलक्टर संदेश नायक के निर्देशानुसार जिला रसद कार्यालय जयपुर द्वितीय के क्षेत्राधिकार में आने वाली 119 रिक्त उचित मूल्य दुकानों (राशन दुकानों) के आवंटन के लिए नई विज्ञप्ति-2026 जारी कर दी गई है। यह प्रक्रिया वर्ष 2023 में न्यायालय के स्थगन आदेश (कोर्ट स्टे) के कारण अधूरी रह गई थी, जिसे अब नए सिरे से पूरा किया जा रहा है।
विभागीय दिशा-निर्देशों (17 मार्च 2016) की अनुपालना में जारी इस विज्ञप्ति के तहत जयपुर ग्रामीण क्षेत्र की रिक्त राशन दुकानों का आवंटन किया जाएगा।
कोर्ट स्टे खारिज होने के बाद नए सिरे से प्रक्रिया शुरू
वर्ष 2023 में जारी विज्ञप्ति के समय कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र भी जयपुर जिले का हिस्सा था। तत्समय कोर्ट स्टे होने की वजह से आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। न्यायालय द्वारा स्टे खारिज किए जाने के उपरांत खाद्य विभाग ने 2023 की विज्ञप्ति को विधिवत समाप्त करते हुए नए सिरे से विज्ञप्ति जारी करने के आदेश दिए। अब इस संपूर्ण आवंटन प्रक्रिया को ‘विज्ञप्ति-2026’ नाम दिया गया है।
विभागीय निर्देशों के तहत कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र के लिए वर्ष 2023 में प्राप्त हुए आवेदनों को संबंधित जिला रसद कार्यालय, कोटपूतली-बहरोड़ भिजवा दिया गया है। इसके बाद जयपुर ग्रामीण के अधीन बची 119 रिक्त दुकानों के लिए यह नई प्रक्रिया शुरू की गई है।
पूर्व आवेदकों को विशेष राहत: निशुल्क फॉर्म और आयु सीमा में छूट
प्रशासन ने वर्ष 2023 में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख रियायतें दी हैं:
- निशुल्क आवेदन पत्र: सामान्य अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये (पोस्टल ऑर्डर द्वारा) निर्धारित है। जिन अभ्यर्थियों ने वर्ष 2023 में पोस्टल ऑर्डर के जरिए शुल्क जमा करवा दिया था, वे पूर्व में जमा शुल्क की रसीद दिखाकर निशुल्क आवेदन पत्र प्राप्त कर सकेंगे।
- अधिकतम आयु सीमा में छूट: वर्ष 2023 के जिन आवेदकों की उम्र अब निर्धारित सीमा (45 वर्ष) से अधिक हो चुकी है, उन्हें विभागीय नियमों के अनुसार इस विज्ञप्ति में आयु सीमा में विशेष छूट प्रदान की गई है।
आवेदन पत्र प्राप्ति का स्थान
इच्छुक अभ्यर्थी जिला रसद कार्यालय जयपुर द्वितीय के कमरा नंबर 46 से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। दुकान आवंटन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता एवं आवश्यक शर्तें आवेदन पत्र के साथ संलग्न कर उपलब्ध करवाई जा रही हैं।