गौरव कोचर/जयपुर कमिश्नरेट के जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने मालवीय नगर स्थित गौरव टॉवर के पास संचालित ‘कोड ब्लैक’ बार एण्ड रेस्टोरेंट पर दबिश देकर अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हुक्का सामग्री जब्त करते हुए रेस्टोरेंट के मैनेजर को गिरफ्तार किया है, जबकि हुक्का पीते मिले 8 युवकों के कोटपा (COTPA) एक्ट के तहत चालान काटे गए हैं। पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा (IPS) द्वारा अवैध हुक्का बार संचालकों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
रेस्टोरेंट की आड़ में परोसा जा रहा था हुक्का
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि गौरव टॉवर के पास स्थित ‘कोड ब्लैक’ बार एण्ड रेस्टोरेंट की आड़ में नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। मामले की पुष्टि होने पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व पारस जैन के निर्देशन, सहायक पुलिस आयुक्त (मालवीय नगर) शिवदयाल के सुपरविजन और थानाधिकारी महेश चन्द्र के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
मौके से हुक्का सामग्री जब्त, 8 युवकों के चालान
गठित टीम ने ‘कोड ब्लैक’ बार एण्ड रेस्टोरेंट पर अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके से 10 हुक्के, 10 पाइप, 10 चिलम और 3 फ्लेवर पैकेट बरामद कर जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान हुक्का बार में बैठकर हुक्का पीते मिले 8 युवकों के कोटपा एक्ट के तहत चालान काटे गए।
वहीं, अवैध हुक्का बार का संचालन करवाने पर रेस्टोरेंट मैनेजर जितेन्द्र मेहता को धारा 4 क/21क कोटपा अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर थाना जवाहर सर्किल में मुकदमा संख्या 416/2026 दर्ज किया गया।
गिरफ्तार मुल्जिम:
- जितेन्द्र मेहता पुत्र जानकी लाल मेहता (उम्र 32 वर्ष), निवासी गांव पीपलखेड़ी, थाना केलवाड़ा, जिला बारां; हाल मैनेजर ‘कोड ब्लैक’ बार एण्ड रेस्टोरेंट, गौरव टॉवर के पास, मालवीय नगर, थाना जवाहर सर्किल, जयपुर।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
- महेश चन्द्र (पुलिस निरीक्षक/थानाधिकारी), रमन पूनियां (उप-निरीक्षक), हरदयाल (हेड कांस्टेबल 2167) एवं अनिल (कांस्टेबल 11539), पुलिस थाना जवाहर सर्किल, जयपुर पूर्व।