प्रीति बालानी
जयपुर | 22 अप्रैल, 2026
राजधानी के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-7 (सी.आई.एस.एफ.) के छात्र सर्वेश मंगल अग्रवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सर्वेश ने 53वीं के.वि.सं. राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2025-26 में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे राजस्थान प्रदेश का मान बढ़ाया है।

पुणे में आयोजित हुई थी प्रतियोगिता
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 8 से 10 अप्रैल 2026 तक पुणे स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गणेशखिंड में आयोजित की गई थी। इस वर्ष प्रदर्शनी का मुख्य विषय “विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लिए STEM” रखा गया था। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न क्षेत्रों से आए बाल वैज्ञानिकों ने अपने नवाचार पेश किए।
क्या है सर्वेश का ‘टी-वेस्ट बायोप्लास्टिक’ प्रोजेक्ट?
कक्षा 12 के छात्र सर्वेश मंगल अग्रवाल ने “अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक के विकल्प” उप-विषय के तहत अपना प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। उन्होंने चाय के कचरे (Tea Waste) का उपयोग कर ‘बायोप्लास्टिक’ तैयार किया, जो न केवल किफायती है बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी है। निर्णायकों ने इस प्रोजेक्ट को भविष्य की जरूरतों के लिए अत्यंत उपयोगी और नवीन मानते हुए सर्वेश को नेशनल टॉपर घोषित किया।
विद्यालय में खुशी की लहर
सर्वेश की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य राज कुमार कटारिया सहित समस्त शिक्षक वर्ग ने हर्ष व्यक्त किया है। प्राचार्य ने बताया कि:
”सर्वेश की मेहनत और नवाचार की सोच ने उसे आज इस मुकाम पर पहुँचाया है। अब वह आगामी ‘ओपन नेशनल’ स्तर की प्रदर्शनी में केंद्रीय विद्यालय संगठन का प्रतिनिधित्व करेगा। हमें पूर्ण विश्वास है कि वह वहां भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा।”
सर्वेश की इस सफलता से उनके परिवार और विद्यालय में उत्सव का माहौल है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।