जयपुर की चारदीवारी के संरक्षण और व्यापारिक सुधारों पर जेवीएम व नगर निगम के बीच अहम बैठक: 15 सूत्रीय मांगों पर हुई चर्चा
| योगेश शर्मा
जयपुर। गुलाबी नगरी की ऐतिहासिक विरासत (हेरिटेज) के संरक्षण और व्यापारियों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए जयपुर व्यापार महासंघ (जेवीएम) और नगर निगम के बीच एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शहर की चारदीवारी क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक विमर्श हुआ।
बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल, महामंत्री सुरेश सैनी, अजय अग्रवाल, राजेंद्र गुप्ता, चंद्र मोहन बटवाड़ा, किशनपोल विधायक प्रत्याशी प्रकाश सिंह, अतुल गांधी, गजानन शर्मा, विवेक भारद्वाज, आलोक गुप्ता, फयाज मोहम्मद, मिन्तर सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, विकी चैलानी, मनीष, कमल असानी, कैलाश मित्तल, गुलाब चंद सहित विभिन्न व्यापार मंडलों के अध्यक्ष और मंत्री उपस्थित रहे।
हेरिटेज और व्यापार सुधार हेतु प्रमुख सुझाव एवं मांगें:
बैठक के दौरान जयपुर व्यापार महासंघ ने शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम के समक्ष कई महत्वपूर्ण बिंदु रखे:
- एकरूपता और रंग-रोगन: पूरे जयपुर और विशेषकर चारदीवारी क्षेत्र में एक ही प्रकार का गुलाबी रंग-रोगन होना चाहिए ताकि हेरिटेज लुक बना रहे।
- पार्किंग व्यवस्था: बड़ी चौपड़ पर पार्किंग की जगह को तुरंत प्रभाव से चालू करने की मांग की गई। साथ ही पार्किंग की दरें उचित रखने और अधिकतम 2 घंटे की पार्किंग समय सीमा तय करने का सुझाव दिया गया।
- अतिक्रमण और आवारा पशु: बाजारों से अतिक्रमण हटाने और आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने पर जोर दिया गया ताकि ग्राहकों और व्यापारियों को परेशानी न हो।
- बुनियादी ढांचा: खुले बिजली के तारों को एक सुरक्षित पैनल में व्यवस्थित करने, बाजारों में सुलभ शौचालयों का निर्माण करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता बताई गई।
- विरासत का संरक्षण: इंदिरा बाजार के जर्जर हो चुके बरामदों के तुरंत सुधार और संजय बाजार से ‘हटवाड़ा’ हटाने की मांग प्रमुखता से उठी।
व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर
महासंघ ने सुझाव दिया कि जयपुर में ‘नाइट बाजार’ (Night Market) को बढ़ावा मिलना चाहिए ताकि पर्यटन और व्यापार दोनों में वृद्धि हो सके। इसके अलावा, यूडी टैक्स के मामलों में निगम को पारदर्शी और सही प्रक्रिया अपनाने का आग्रह किया गया। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि बाजारों में किसी भी प्रकार के अवैध फ्लेक्स या होर्डिंग्स नहीं लगने चाहिए और रामलीला मैदान में मेलों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए ताकि वहां की व्यवस्था प्रभावित न हो।
महासंघ का पूर्ण सहयोग का आश्वासन
जयपुर व्यापार महासंघ ने नगर निगम प्रशासन को विश्वास दिलाया कि हेरिटेज संरक्षण और शहर की गरिमा बनाए रखने के लिए महासंघ हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि इन मांगों पर नगर निगम जल्द ही ठोस कार्रवाई करेगा।
