जयपुर/ गौरव कोचर/जयपुर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में लेजर लाइट्स और अन्य तेज़ रोशनी वाले ऑब्जेक्ट्स के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस आयुक्तालय, जयपुर द्वारा सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह कदम उठाया गया है, ताकि विमानों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) अजय सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।
निषेधाज्ञा जारी करने का मुख्य कारण
एयरपोर्ट के समीप स्थित विवाह स्थलों, होटलों एवं अन्य कार्यक्रम स्थलों पर अक्सर लेजर लाइट्स या उच्च तीव्रता वाले प्रकाश स्रोतों का प्रयोग किया जाता है। आकाश में काफी दूरी तक जाने वाली यह तेज रोशनी उतरते और उड़ान भरते विमानों के पायलटों का ध्यान भटका सकती है, जिससे विमान दुर्घटना और जनहानि का गंभीर खतरा बना रहता है।
आदेश के मुख्य बिंदु और नियम:
- प्रतिबंधित क्षेत्र: जयपुर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की सीमा (बाउंड्री) से 5 किलोमीटर की परिधि में लेजर लाइट्स या किसी भी अन्य तेज़ प्रकाश ऑब्जेक्ट का उपयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा।
- प्रभाव की अवधि: यह आदेश दिनांक 06 अक्टूबर 2026 से 04 दिसंबर 2026 तक (या इससे पूर्व निरस्त किए जाने तक) प्रभावी रहेगा।
- सख्त कानूनी कार्रवाई: यदि कोई व्यक्ति या संस्था इस आदेश का उल्लंघन करती है, तो उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत दंडात्मक अभियोग चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त भारत सरकार के राजपत्र नियमों, भारतीय न्याय संहिता की धारा 283 या 285 तथा वायुयान अधिनियम, 1934 के प्रासंगियों के तहत भी कार्रवाई का प्रावधान है।
एकपक्षीय आदेश व सार्वजनिक सूचना
विद्यमान परिस्थितियों की संवेदनशीलता और अति-आवश्यकता को देखते हुए यह आदेश एकपक्षीय (Ex-parte) रूप से पारित किया गया है। चूंकि प्रत्येक व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नोटिस तामील कराना संभव नहीं है, इसलिए इस आदेश को सार्वजनिक रूप से व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश की प्रति प्रेस के माध्यम से जारी करने के साथ-साथ पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, तहसील तथा संबंधित पुलिस थानों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर आमजन तक पहुंचाई जा रही है। प्रशासन ने सभी नागरिकों, मैरिज गार्डन संचालकों और होटल प्रबंधकों से इस आदेश का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।