जयपुर उत्तर: माणकचौक थाना पुलिस और डीएसटी टीम की बड़ी कार्रवाई, ई-रिक्शा में यात्रा के दौरान करोड़ों के कीमती जेमस्टोन चोरी करने वाली गुजरात की शातिर महिला आरोपी बापर्दा गिरफ्तार

जयपुर, 19 अक्टूबर 2026/ गौरव कोचर/— पारंपरिक पुलिसिंग, तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र के प्रभावी उपयोग से माणकचौक थाना पुलिस और डीएसटी (DST) टीम ने संयुक्त रूप से एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है। ई-रिक्शा से यात्रा के दौरान जेमस्टोन कारोबारी के करोड़ों रुपये के कीमती सामान की चोरी करने वाली गुजरात की एक शातिर महिला आरोपी को पुलिस ने बापर्दा गिरफ्तार कर लिया है और दो करोड़ रुपये से अधिक का मशरुका (चोरी गया माल) बरामद कर लिया है।

​घटना का विवरण

​दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को थाना माणकचौक पर एक जेमस्टोन कारोबारी ने परिवाद दर्ज कराया था कि वह जेमस्टोन के कारोबार में दलाली का कार्य करता है। 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:21 बजे वह ई-रिक्शा में सवार होकर गोपालजी के रास्ते से सांगानेरी गेट की ओर जा रहा था। उसके पास जेमस्टोन के 13 पैकेट थे, जिनमें विभिन्न व्यापारियों का करोड़ों रुपये का कीमती माल रखा हुआ था। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात चोर पैकेट चुराकर ले गया। चोरी गए माल में एमरल्ड (पन्ना) राउंड और एमरल्ड मणियां तथा कुल 11 पैकेट पन्ना (वजन 942.52 कैरेट) शामिल थे।

​पुलिस की त्वरित कार्रवाई और चुनौती

​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा (IPS) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त पीयूष कविया के कुशल निर्देशन में थानाधिकारी माणकचौक राकेश ख्यालिया और डीएसटी प्रभारी दिलीप सोनी के नेतृत्व में एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया।

​परिवादी के पास ई-रिक्शा के नंबर, संदिग्ध का हुलिया या अन्य कोई जानकारी न होने के कारण पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती थी। टीम ने पारंपरिक पुलिसिंग, तकनीकी अनुसंधान (Technical Intelligence) और मुखबिर तंत्र का समन्वय करते हुए घटनास्थल के आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगाले। फुटेज के जरिए परिवादी के साथ ई-रिक्शा में यात्रा कर रही एक संदिग्ध महिला को चिन्हित किया गया।

​महिला मुख्य बाजार की गलियों में बार-बार ऑटो और ई-रिक्शा बदलकर लगातार वाहन बदल रही थी ताकि पुलिस से बच सके। इस पर पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और जानकारी जुटाई कि आरोपी महिला गुजरात की रहने वाली है और वारदात के बाद सायपुरा झुग्गी-झोपड़ी में छिपी है। पुलिस टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी महिला को बापर्दा गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर दो करोड़ रुपये से अधिक कीमत का पूरा माल बरामद कर लिया।

​तरीका-ए-वारदात (Modus Operandi)

​बापर्दा गिरफ्तार आरोपी महिला मूल रूप से गुजरात की रहने वाली है। वह वारदातों को अंजाम देने के लिए मुख्य बाजार में खरीदारी का दिखावा करते हुए अपनी गैंग की अन्य महिलाओं के साथ घूमती थी। इसके बाद वे किसी एक व्यक्ति को चिन्हित कर लगातार उसका पीछा करती हैं और मौका पाकर कीमती सामान चोरी कर अलग-अलग वाहनों से फरार हो जाती हैं। इस मामले में भी महिला ने इसी शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया था।

​कार्रवाई करने वाली संयुक्त पुलिस टीम

​राकेश ख्यालिया (पु.नि. थानाधिकारी, माणकचौक), दिलीप सोनी (पुनि. प्रभारी डीएसटी), हरिओम सिंह (उनि. माणकचौक), साबिर (उनि. डीएसटी), गिरधर सिंह (कानि. 8123, माणकचौक), कैलाश (कानि. 10756, माणकचौक), महेश (कानि. 10719, माणकचौक), साबिर (कानि. 5138, माणकचौक), इस्लाम खान (कानि. 7356, डीएसटी), मंजीत (कानि. 2654, माणकचौक)।

​अहम भूमिका

​प्रकरण में वांछित आरोपी की दस्तयाबी, गिरफ्तारी एवं शत-प्रतिशत बरामदगी में साबिर (उनि. डीएसटी), गिरधर सिंह (कानि. 8123, माणकचौक), कैलाश (कानि. 10756, माणकचौक) एवं इस्लाम खान (कानि. 7356, डीएसटी) की उत्कृष्ट और अहम भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का सख्त एक्शन: 488 मामले दर्ज, 78 आरोपी गिरफ्तार

जयपुर/ गौरव कोचर/राजस्थान में अन्य राज्यों से होने वाली...