छाल (रायगढ़)/बुधराम अग्रवाल/क्षेत्र में शैक्षणिक अधोसंरचना और बुनियादी जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित गरिमामय समारोह में कुल ₹56.75 लाख की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया।
एसईसीएल के सीएसआर मद से स्वीकृत हुए कार्य
क्षेत्रीय विकास की यह सौगात साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) मद के तहत दी गई है। स्वीकृत राशि से मुख्य रूप से निम्नलिखित कार्य संपन्न कराए जाएंगे:
- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छाल: भवन के जीर्णोद्धार एवं व्यापक उन्नयन कार्य हेतु ₹48.50 लाख।
- आंगनबाड़ी केंद्र जीर्णोद्धार: बनहर, खेदापाली एवं गंगाधरपुर पुनर्वास स्थित आंगनबाड़ी भवनों के मरम्मत व सुदृढ़ीकरण हेतु ₹8.25 लाख।
नौनिहालों और विद्यार्थियों को मिलेगा सुरक्षित व आधुनिक परिवेश
सांसद राधेश्याम राठिया ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त अनुकूल शैक्षणिक माहौल मिलेगा। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत से क्षेत्र के छोटे बच्चों व माताओं को सुरक्षित और व्यवस्थित परिवेश प्राप्त होगा।
जनप्रतिनिधि और एसईसीएल अधिकारी रहे उपस्थित
भूमिपूजन कार्यक्रम में धरमजयगढ़ विधायक प्रतिनिधि नीलांबर सिंह राठिया, एडू सरपंच प्रतिनिधि नवल राठिया सहित विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षकगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एसईसीएल प्रबंधन की ओर से सीएसआर अधिकारी डॉ. गजानंद तथा स्टाफ अधिकारी (सिविल) आनंद बाबू विशेष रूप से मौजूद रहे, जिन्होंने कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने की बात कही।