भागलपुर/ लोकेंद्र सिंह शेखावत/छात्र राष्ट्रीय लोक मोर्चा, भागलपुर के प्रतिनिधिमंडल ने आज एस.एम. कॉलेज की प्राचार्या प्रो. डॉ. निशा झा से मुलाकात कर नवनियुक्त अध्यक्ष निधि प्रकाश के नेतृत्व में छात्राओं की विभिन्न समस्याओं एवं सुविधाओं से संबंधित 5 सूत्री मांग पत्र सौंपा।
सौंपे गए मांग पत्र में महाविद्यालय की सभी कक्षाओं की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, मुख्य प्रवेश द्वार एवं परिसर के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, नई शिक्षा नीति से संबंधित सभी विषयों के पुस्तक शीघ्र लाइब्रेरी में उपलब्ध कराया जाए, छात्राओं के लिए बने वॉशरूम की नियमित साफ-सफाई कराने, परिसर में शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की निरंतर व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा सभी कक्षाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छात्राओं को एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इन मांगों के पूरा होने से छात्राओं को काफी सुविधा होगी तथा शिक्षण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. डॉ. निशा झा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा सभी मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। नवनियुक्त अध्यक्ष निधि प्रकाश ने कहा कि छात्राओं की सुविधाओं एवं महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए संगठन सदैव प्रतिबद्ध है और यथासंभव सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। ज्ञात हो कि प्रतिनिधिमंडल ने एक दिन पूर्व प्रभारी प्राचार्य व टीएमबीयू के प्रॉक्टर डॉ. मुकेश सिंह से मिलकर शीघ्र समाधान करने का मामला उठाया था।
प्रतिनिधिमंडल में छात्र जिला अध्यक्ष सत्यम मिश्रा, कॉलेज अध्यक्ष निधि प्रकाश, छात्र नेता हृषिकेश प्रकाश, रमन राठौड़, प्रिंस कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।