छत्तीसगढ़ी पारिवारिक फिल्म “जिंदगी पहाही तोर संग” की शूटिंग अंतिम दौर में
गणपत चौहान, ब्यूरो चीफ़ छत्तीसगढ़,टेलीग्राफ टाइम्स।
बिलासपुर (छत्तीसगढ़), 14 सितम्बर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और कला पर आधारित पारिवारिक फिल्म “जिंदगी पहाही तोर संग” की शूटिंग बालको क्षेत्र में जोरों पर चल रही है और अब यह अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। फिल्म का लक्ष्य परिवारिक मूल्यों, रिश्तों की गहराई और सामाजिक संदेशों को मनोरंजक अंदाज में प्रस्तुत करना है।

समाजसेवी क्षमा पाटले का सपना साकार
फिल्म की कहानी और निर्माण की जिम्मेदारी समाजसेवी व फिल्म निर्माता क्षमा पाटले ने उठाई है। उन्होंने ही इसकी कहानी लिखी है, जो छत्तीसगढ़ी समाज के जीवन, संघर्ष और भावनाओं को परदे पर सजीव रूप से दर्शाती है। निर्देशन की कमान क्रांति शर्मा के हाथों में है, जो छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत में अपनी रचनात्मकता और अलग पहचान के लिए जाने जाते हैं।

सितारों से सजी फिल्म
फिल्म में छत्तीसगढ़ी सिनेमा के कई नामचीन कलाकार नजर आएंगे। इनमें आयुष राजवैद, दीपिका सिंह, रामेश्वरी पटनायक, मनोज जोशी, विनय अंबष्ट, बबली महंत, विक्रम राज, सरला सेन, नरेंद्र चंदेल, तरुण बघेल, अंशु चौबे, सिद्धार्थ कुर्रे, पहेली चौहान, पुष्पा रोज, नागेश ठाकुर, पुरुषोत्तम कश्यप, साहेब लाल साहू, चारु दुबे, नरेंद्र काबरा, अजय पाटले, शांडिल्य जी, सीमा तिवारी, लक्ष्मण दास, प्रतिभा कुजूर, सौम्या, शैलेन्द्री परिहार, वर्षा, चिंटू मानिकपुरी और राठौर शामिल हैं।
संगीत और गीतों का जादू
फिल्म के गीतों को भावपूर्ण बनाने के लिए क्षमा पाटले, सोना दास और राघवेंद्र वैष्णव ने गीत लेखन किया है। इन गीतों को अपनी मधुर आवाज दी है लोकप्रिय गायकों सुनील सोनी, चंपा निषाद, दीक्षा, ज्योति कंवर और अनुराग शर्मा ने। संगीत और गीतों के जरिए फिल्म में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक पेश की जाएगी।
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी का जिम्मा रवि नारायण बेहरा संभाल रहे हैं।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति का जीवंत चित्रण
निर्माताओं का कहना है कि यह फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ी समाज की रंगीनी, लोकगीत, पहनावा, परंपरा और पारिवारिक रिश्तों की गहराई का सजीव चित्रण है। फिल्म दर्शकों को सामाजिक जुड़ाव और सांस्कृतिक गौरव की अनुभूति कराएगी।
जल्द होगी रिलीज
निर्माता क्षमा पाटले ने बताया कि फिल्म “जिंदगी पहाही तोर संग” दर्शकों के दिल को छूने के साथ ही सामाजिक संदेश भी देगी। जल्द ही फिल्म की रिलीज डेट और प्रमोशन अभियान की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
सिनेप्रेमी बेसब्री से इस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं और इसे छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।