गौरव कोचर
जयपुर/चौमूं। जयपुर पश्चिम पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना चौमूं पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 04 मोटरसाइकिलें, विभिन्न वाहनों के पार्ट्स और नंबर प्लेटें बरामद की हैं। आरोपी मोटरसाइकिल मॉडिफाई करने के शौक को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता व सहायक पुलिस आयुक्त आलोक सैनी के सुपरविजन में थानाधिकारी हरबेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने चोरी के ‘हॉट स्पॉट’ चिन्हित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने युवराज सिंह (22 वर्ष), निवासी भुरथल प्रेमनगर (दौलतपुरा), को दस्तयाब कर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने चौमूं, हरमाड़ा, मुरलीपुरा सहित अन्य इलाकों से करीब एक दर्जन मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया।
अनोखा तरीका: घर को ही बना लिया था वर्कशॉप
आरोपी युवराज सिंह ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं:
- घरवालों को दिया धोखा: आरोपी अपने परिजनों को बताता था कि वह एक फाइनेंस कंपनी में ‘रिकवरी एजेंट’ के रूप में काम करता है, इसलिए वह अक्सर अलग-अलग बाइक घर लेकर आता है।
- मॉडिफिकेशन का शौक: वह चोरी की गई बाइकों को अपने घर पर ही मॉडिफाई करता था। अगर कोई वाहन खराब हो जाता, तो उसे सुनसान जगह छोड़कर दूसरा वाहन चोरी कर लेता था।
- वारदात के स्थान: आरोपी ने बराला अस्पताल चौमूं, टांटियावास टोल, बेनाड रोड और राजावास बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों से वाहन पार किए थे।
बरामद वाहनों का विवरण
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही से निम्नलिखित वाहन बरामद किए हैं:
- RJ41SG3724 (HF Deluxe)
- RJ14ZK1452 (Splendor+)
- RJ14HA3431 (Splendor+)
- RJ41SF2735 (CD Deluxe)
इसके अलावा भारी मात्रा में इंजन पार्ट्स और चोरी की बाइकों की नंबर प्लेटें भी मिली हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 205/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
हरबेन्द्र सिंह (थानाधिकारी), बलवीर सिंह, सुखीराम, प्यारेलाल, घनश्याम, धोलुराम, मुलचन्द, नरेन्द्र और राकेश।