चौमूं के हाड़ौता में गुरुवार को होगा ‘नारी चौपाल’ कार्यक्रम का आयोजन — सक्षम जयपुर अभियान और बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ योजना के तहत होगा आयोजन
लोकेंद्र सिंह शेखावत •
05 नवम्बर 2025, 07:18 PM
जयपुर, 5 नवंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार ‘सक्षम जयपुर अभियान’ और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना’ के तहत जयपुर जिले के सभी उपखंडों में चरणबद्ध रूप से नारी चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगामी गुरुवार, 6 नवंबर को चौमूं के हाड़ौता स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में नारी चौपाल कार्यक्रम का आयोजन होगा।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं और आयोजन में अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी और भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मृणाल ने बताया कि नारी चौपाल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और जागरूक बनाना है। इसमें महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं, उनके अधिकारों और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना जाएगा।
महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि गुरुवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, मारवाड़ी गीत, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साथ ही अतिथियों द्वारा प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नारी चौपाल के माध्यम से समाज में लिंगानुपात सुधार, महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया जाएगा। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं, नियमों और अधिनियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि समतामूलक और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके।
नारी चौपाल कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, शिक्षा, पुलिस, सामाजिक न्याय और अधिकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। ये अधिकारी महिलाओं के साथ सीधा संवाद कर उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम में प्रेरणादायक सफलता की कहानियाँ और अनुभव भी साझा किए जाएंगे। साथ ही चौपाल स्थल पर योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सहायता काउंटर लगाए जाएंगे ताकि महिलाओं को मौके पर ही आवश्यक जानकारी और सहयोग प्राप्त हो सके।
नारी चौपाल केवल संवाद का मंच नहीं होगा, बल्कि यह महिलाओं को आत्मविश्वास, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने का अवसर भी प्रदान करेगा। इससे सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ महिलाओं तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा और समाज में उनकी भागीदारी और मजबूत होगी। इस श्रृंखला के माध्यम से जिले की हजारों महिलाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।