चित्तौड़गढ़ के डूंगला और बोहेड़ा में 24 करोड़ रुपये से बनेगा आधुनिक स्वास्थ्य ढांचा, पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने किया भूमि पूजन

चित्तौड़गढ़ के डूंगला और बोहेड़ा में 24 करोड़ रुपये से बनेगा आधुनिक स्वास्थ्य ढांचा, पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने किया भूमि पूजन

लोकेंद्र सिंह शेखावत •

19 अक्टूबर 2025 | चित्तौड़गढ़ 
स्वस्थ राजस्थान, समृद्ध भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने रविवार को चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला और बोहेड़ा (बड़ीसादड़ी) ग्रामों में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) का भूमि पूजन किया।

राज्यपाल कटारिया ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” के विज़न के अनुरूप देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज चिकित्सा सेवाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है — हर जिले में मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं, गांव-गांव तक सड़कें और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच रही हैं, किसानों के खातों में योजनाओं के तहत सीधे राशि स्थानांतरित हो रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त बन रही है।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने खेल मैदान, सीसी सड़क और अटल पथ का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया।

डूंगला में 50 बेड और बोहेड़ा में 30 बेड का अस्पताल बनेगा
कटारिया ने बताया कि डूंगला में 16 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से 50 बेड का आधुनिक अस्पताल तथा बोहेड़ा में 7 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 30 बेड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। इन दोनों केंद्रों में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण, प्रसूति कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, लैब, दवा वितरण केंद्र और आपातकालीन सेवाओं की संपूर्ण व्यवस्था होगी।
निर्माण पूर्ण होने पर इन स्वास्थ्य केंद्रों से आसपास के सैकड़ों गांवों को लाभ मिलेगा।

“जनता के सहयोग से ही स्वास्थ्य सेवाएं सफल होंगी” — राज्यपाल
कटारिया ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण नागरिकों को घर-आंगन पर ही उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों की सफलता तभी संभव है जब आमजन इनका पूरा लाभ लें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें।
उन्होंने कहा, “आप लोगों के कारण ही मैं आज इस पद तक पहुंच पाया हूं। आपके सहयोग और विश्वास ने ही मुझे निरंतर सेवा का अवसर दिया है।”
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं ताकि ग्रामीणों को शीघ्र स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

“मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच से बदल रहा बड़ी सादड़ी क्षेत्र” — सहकारिता मंत्री
सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने पहले बजट में बड़ी सादड़ी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई घोषणाएं की हैं। उन्होंने बताया कि डूंगला और बड़ी सादड़ी में कॉलेजों की स्थापना, सड़कों का निर्माण, पेयजल योजनाओं का क्रियान्वयन और किसानों के कल्याण हेतु कार्यक्रम मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच का परिणाम हैं।
मंत्री दक ने कहा कि धनतेरस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की, जिससे किसान खुशहाली की ओर अग्रसर हैं।

विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने रखे विचार
कार्यक्रम में कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से जनजीवन में बड़ा परिवर्तन आएगा।

राज्यपाल ने विकास कार्यों की प्रगति जानी
भूमि पूजन के बाद राज्यपाल ने ग्रामीणों से मुलाकात की, क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य जनहित में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व विधायक ललित ओस्तवाल, चित्तौड़गढ़ जिला कलक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, प्रशिक्षु आईएएस रविंद्र मेघवाल, जनप्रतिनिधि, सरपंच, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related