चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक— दिव्यांगता प्रमाण-पत्र प्रक्रिया होगी पूरी तरह ऑनलाइन
जयपुर, 26 अगस्त। नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स
प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन के लिए मंगलवार को स्वास्थ्य भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित दिव्यांगता प्रमाण-पत्र की आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने के निर्देश जारी किए गए। साथ ही मौसमी बीमारियों सहित अन्य विषयों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. अमित कुमार यादव, अतिरिक्त मिशन निदेशक डॉ. टी. शुभमंगला और निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने जिलावार जानकारी ली और विभिन्न विषयों पर दिशा-निर्देश प्रदान किए। इनमें मौसमी बीमारियां, टीबी मुक्त अभियान, एनसीडी गतिविधियां, यूडीआईडी कार्ड, मेडिको-लीगल केस, अपंजीकृत चिकित्सक और प्रयोगशालाओं के खिलाफ कार्यवाही, आरजीएचएस व आयुष्मान योजना, राज हेल्थ पोर्टल पर चिकित्सा संस्थानों व स्वास्थ्यकर्मियों की मैपिंग कार्य में प्रगति जैसे मुद्दे शामिल थे।
डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रदेश के सभी चिकित्सा संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों का पूर्ण प्रोफाइल विवरण 31 अगस्त तक राजहेल्थ पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में इसी पोर्टल के माध्यम से चिकित्सा प्रबंधन से जुड़ी कार्यवाहियां ऑनलाइन की जाएंगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सिलिकोसिस, सर्वाइकल कैंसर, मधुमेह, टीबी, लिवर आदि रोगों के संभावित व्यक्तियों की जांच पीएचसी और सीएचसी स्तर से कर रिपोर्टिंग की जाए तथा आवश्यक होने पर उच्च उपचार हेतु उन्हें संबंधित संस्थानों में रेफर किया जाए।
बैठक में निदेशक आरसीएच डॉ. मधु रतेश्वर, परियोजना निदेशक एनएचएम संतोष कुमार गोयल, अतिरिक्त निदेशक अराजपत्रित सुशील परमार सहित संबंधित अधिकारी, संभागों के संयुक्त निदेशक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला-ब्लॉक स्तर के अधिकारी भी उपस्थित रहे।