चक्रधर समारोह 2025 : रायगढ़ में अखिल भारतीय एवं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
3 सितम्बर को होगा फायनल दंगल, पहले दिन के मुकाबलों ने बांधा रोमांच
रायगढ़, 2 सितम्बर। गणपत चौहान,ब्यूरो चीफ़ छत्तीसगढ़, टेलीग्राफ टाइम्स।
अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह 2025 के अंतर्गत सोमवार को मोतीमहल प्रांगण में अखिल भारतीय एवं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने भगवान हनुमान और राजा चक्रधर के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, नगर निगम रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान, आचार्य राकेश सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

रायगढ़ की खेल परंपरा का गौरव
उद्घाटन अवसर पर राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रायगढ़ की धरती हमेशा कला, संस्कृति और खेलों की परंपरा को जीवित रखती आई है। महाराज चक्रधर सिंह न केवल श्रेष्ठ घुड़सवार और हॉकी खिलाड़ी थे, बल्कि उन्होंने अपने शासनकाल में कुश्ती और कबड्डी जैसे खेलों को नई ऊँचाई दी। अंग्रेज पहलवान को चुनौती देने के लिए पूरन सिंह और बालानट जैसे पहलवानों को तैयार कर उन्होंने रायगढ़ को गौरवान्वित किया।
उन्होंने कहा कि चक्रधर समारोह शास्त्रीय संगीत और नृत्य की गरिमा से सुसज्जित ऐतिहासिक मंच है, जिसकी प्रतिष्ठा बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन और राज्य सरकार इसे और भी भव्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं। सिंह ने प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए सांसद खेल महोत्सव का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य गांव-गांव से खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि खेल केवल फिटनेस और स्वास्थ्य का माध्यम ही नहीं, बल्कि समाज में एकता और अनुशासन का संदेश भी देते हैं।
पारंपरिक खेलों से बढ़ा उत्साह
लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन न केवल दर्शकों को रोमांचित करता है बल्कि समाज में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह भी भरता है। उन्होंने खिलाड़ियों और आयोजन समिति की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि रायगढ़ खेलों की नगरी के रूप में देश में और पहचान बनाएगा।

नगर निगम रायगढ़ के महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि यह गर्व की बात है कि रायगढ़ में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और छत्तीसगढ़ के पहलवान एक मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। आचार्य राकेश ने कहा कि चक्रधर समारोह हर प्रतिभा को मंच और हर व्यक्ति को सम्मान प्रदान करता है।
पहले दिन के रोमांचक मुकाबले
अखिल भारतीय प्रतियोगिता का पहला मैच 80 किलोग्राम से ऊपर के वर्ग में दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रवीण और भिलाई के विजेंद्र के बीच खेला गया, जिसमें प्रवीण विजेता रहे। दूसरा मुकाबला 52 से 57 किलोग्राम वर्ग में रायगढ़ के राहुल चौहान और बिलासपुर के कृष्णकांत के बीच हुआ, जिसमें कृष्णकांत ने जीत दर्ज की। इसी तरह अन्य वर्गों में भी पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। प्रतियोगिता का फाइनल दंगल 3 सितम्बर को होगा।
प्रतियोगिता में शामिल वर्ग
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में –
- 48 से 52 किलो वर्ग में 7 पहलवान
- 52 से 56 किलो वर्ग में 10 पहलवान
- 56 से 61 किलो वर्ग में 9 पहलवान
- 61 से 70 किलो वर्ग में 12 पहलवान
- 70 से ऊपर के वर्ग में 7 पहलवान
अखिल भारतीय प्रतियोगिता में –
- 52 से 57 किलो वर्ग में 9 पहलवान
- 57 से 62 किलो वर्ग में 7 पहलवान
- 62 से 70 किलो वर्ग में 10 पहलवान
- 70 से 80 किलो वर्ग में 6 पहलवान
- 80 से ऊपर के वर्ग में 8 पहलवान
निर्णायक मंडल
कुश्ती प्रतियोगिता के रेफरी मंडल में रायगढ़ के विनोद शर्मा, दिल्ली के दीपक चहर, हरियाणा के विजेंद्र, इंदौर के राम यादव और विनोद यादव शामिल रहे। कार्यक्रम में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया गया।