ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 : आधुनिक कृषि की दिशा में राजस्थान की बड़ी पहल

ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 : आधुनिक कृषि की दिशा में राजस्थान की बड़ी पहल

सुनील शर्मा •

जयपुर, 4 नवम्बर 2025। आधुनिक और नवाचार आधारित कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पंत कृषि भवन में आयोजित अंतरविभागीय कोर ग्रुप की बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के शासन सचिव राजन विशाल की अध्यक्षता में आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में एफआईसीसीआई (FICCI) के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में ग्राम 2026 के लिए संबंधित विभागों द्वारा नोडल अधिकारी नियुक्त करने, कार्यात्मक समितियों का गठन करने, अधिकारियों का विभागवार नामांकन, विभागों की भूमिका और जिम्मेदारियों, प्रदर्शनियों, सेमिनारों तथा बैठकों की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

किसानों को तकनीकी लाभ और निवेश के अवसर

ग्राम 2026 का आयोजन जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC), सीतापुरा में भव्य रूप से किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं और निवेशकों को एक साझा मंच पर लाना है, ताकि कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी प्रगति और निवेश को बढ़ावा मिल सके।

राज्यभर की सभी ग्राम पंचायतों से लगभग 50 हजार किसान इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। आयोजन के दौरान किसानों को नवीनतम कृषि उपकरणों, फसल प्रबंधन, मूल्य संवर्धन, निर्यातोन्मुख उत्पादन और कृषि विपणन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

वैश्विक तकनीक से कृषि का सशक्तिकरण

ग्राम 2026 के तहत राजस्थान में कृषि क्षेत्र के लिए उपयोगी विश्व स्तरीय तकनीक के हस्तांतरण हेतु विदेशों में रोड शो आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य राजस्थान के किसानों को नई तकनीकों से जोड़ना और कृषि को एक व्यवसायिक व लाभकारी क्षेत्र के रूप में विकसित करना है।

‘किसान सशक्तीकरण ही ग्रामीण विकास की पूंजी है’ इस ध्येय के साथ राज्य सरकार ग्राम एग्रीटेक मीट के माध्यम से खेती को व्यावसायिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने, कृषि निर्यात बढ़ाने और ग्रामीण युवाओं को कृषि उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।

समन्वित तैयारियों पर जोर

शासन सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपनी जिम्मेदारियां पूर्ण सतर्कता और समयबद्धता के साथ निभाएं, ताकि कार्यक्रम में भाग लेने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी आयुक्त चिन्मयी गोपाल, जलग्रहण विकास एवं भू-जल संरक्षण विभाग के निदेशक मुहम्मद जुनैद पी.पी., राजस्थान राज्य बीज निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अरविंद शर्मा, अतिरिक्त निदेशक कृषि (अनुसंधान) अजय कुमार पचौरी सहित विभिन्न विभागों और एफआईसीसीआई के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related