ग्राम पंचायत जगन्नाथपुरा का सराहनीय कदम, पेयजल सुविधा के लिए दो नए ट्यूबवेल का शुभारंभ
लोकेंद्र सिंह शेखावत
जयपुर। डिग्गी–मालपुरा मेगा हाईवे स्थित अचरावाला गांव में लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिली। ग्राम पंचायत जगन्नाथपुरा ने ग्रामीणों की मांग पर दो नवीन सिंगल फेज ट्यूबवेल निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान कर शुक्रवार शाम भूमि पूजन के साथ इसका शुभारंभ किया।
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
समाजसेवी गोलु बागड़ा और गोरीशंकर बांग्ला ने बताया कि अचरावाला के ग्रामीण लंबे समय से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और मोक्षधाम परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था की मांग कर रहे थे। ग्राम विकास अधिकारी राजेन्द्र चेटीवाल ने इस मांग को प्राथमिकता देते हुए ग्राम पंचायत के कोष से दोनों ट्यूबवेल स्वीकृत किए।
भूमि पूजन में ग्रामीणों की सहभागिता
वित्तीय स्वीकृति के बाद शुक्रवार को ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भूमि पूजन कर ट्यूबवेल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। मांग पूरी होने पर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों ने पंचायत समिति विकास अधिकारी ज्योति प्रजापति, ग्राम विकास अधिकारी राजेन्द्र चेटीवाल और सरपंच लाली देवी जाट का आभार व्यक्त किया।
ग्रामवासियों ने जताई प्रसन्नता
शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समाजसेवी गोरीशंकर बांग्ला, छोटीलाल प्रधान, सुरज शर्मा, छाजुराम शर्मा, मनीष शर्मा और दिनेश शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिकों ने कहा कि इन ट्यूबवेलों के शुरू होने से विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की समस्या दूर होगी और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
ग्राम पंचायत जगन्नाथपुरा का यह प्रयास ग्रामीण विकास और मूलभूत सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।