ग्रामीण व शहरी सेवा शिविर 17 सितम्बर से होंगे आयोजित
जयपुर, 15 सितम्बर। नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स।
राज्य सरकार ने नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं सरकारी सेवाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेवा पर्व पखवाड़ा के अंतर्गत 17 सितम्बर से शहरी व ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन करने का निर्णय लिया है। जयपुर जिले में शिविरों के सफल संचालन की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
शहरी सेवा शिविर
कलेक्टर डॉ. सोनी ने बताया कि शहरी सेवा शिविर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित होंगे। ये शिविर नगर निगम हेरिटेज व ग्रेटर, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के प्रत्येक वार्ड में होंगे।
शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाना है। इसमें साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट रिपेयर व नई लाइट लगाना, सड़कों की मरम्मत, पार्क व शौचालयों की सफाई, सीवरेज कार्य, कार्यालयों में लंबित पत्रावलियों का निस्तारण, विभिन्न प्रकार के पट्टे, भू-उपयोग परिवर्तन, भवन निर्माण मंजूरी, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर पंजीकरण, नामांतरण, जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम-स्वनिधि व सीएम-स्वनिधि योजना, पीएम आवास योजना और एसबीएम 2.0 के तहत शौचालय निर्माण आवेदन जैसे कार्य किए जाएंगे।
कलेक्टर ने शिविरों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए घर-घर कचरा संग्रहण वाहनों पर जिंगल्स बजाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही शिविरों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे।
ग्रामीण सेवा शिविर
ग्रामीण सेवा शिविर भी 17 सितम्बर से प्रारंभ होकर प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक चलेंगे। पहले सप्ताह में ये बुधवार से शनिवार तक आयोजित होंगे, जबकि उसके बाद केवल गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को होंगे। प्रत्येक दिन दो पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे। इसके लिए पंचायत भवन, स्कूल भवन या अन्य सार्वजनिक स्थानों का उपयोग किया जाएगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद, प्रतिभा वर्मा ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों में 16 विभागों की 48 गतिविधियां शामिल होंगी। इसमें किसानों की फार्मर रजिस्ट्री, किसान गिरदावरी ऐप डाउनलोड, लंबित नोटिसों की तामीली, आपसी सहमति से विभाजन, नामांतरण, जाति व मूल निवास प्रमाण पत्र जारी करना जैसी प्रमुख सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
प्रशासन की भागीदारी
बैठक में नगर निगम ग्रेटर के आयुक्त डॉ. गौरव सैनी, नगर निगम हेरिटेज की आयुक्त डॉ. निधि पटेल, ग्रामीण सेवा शिविर के नोडल अधिकारी देवेन्द्र कुमार जैन, शहरी सेवा शिविर के नोडल अधिकारी मुकेश कुमार मूंड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि शिविरों में चिन्हित समस्याओं व लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए ताकि नागरिकों को वास्तविक राहत मिल सके।