जयपुर/ गौरव कोचर/जन्माष्टमी के पावन पर्व पर 4 सितंबर 2026 को आराध्य गोविंद देव जी मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जयपुर पुलिस एवं प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। दर्शनार्थियों के सुगम आवागमन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर श्रद्धालुओं से व्यवस्थाओं में सहयोग की अपील की है।
चारदीवारी क्षेत्र में अत्यधिक दबाव को देखते हुए जन्माष्टमी के दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट पूरी तरह बंद रहेगा। ऐसे में श्रद्धालुओं को शहर में आवागमन के लिए अधिक से अधिक मेट्रो ट्रेन सेवा का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
रामनिवास बाग सहित 3 जगह पार्किंग व्यवस्था
निजी वाहनों से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए रामनिवास बाग, चौगान स्टेडियम और जैम सिनेमा पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक रामनिवास बाग पार्किंग का उपयोग करें, जिससे परकोटे में अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।
जलेब चौक से ही मिलेगा प्रवेश, मंगला झांकी से 3 कतारें
दर्शनार्थियों का मंदिर में प्रवेश केवल बांदरवाल गेट, जलेब चौक की ओर से तय मार्ग से ही होगा; अन्य किसी भी रास्ते से प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। दर्शन व्यवस्था प्रातः मंगला झांकी से ही शुरू हो जाएगी। जलेब चौक से श्रद्धालुओं के लिए 3 अलग-अलग कतारों की व्यवस्था रहेगी:
- पास धारक श्रद्धालु
- बिना जूते-चप्पल वाले श्रद्धालु
- जूते-चप्पल सहित आने वाले श्रद्धालु
मंदिर परिसर में जूता स्टैंड नहीं, 5 से 6 किलोमीटर चलना होगा पैदल
मंदिर परिसर अथवा छावंण व्यवस्था के भीतर जूते-चप्पल रखने की कोई व्यवस्था नहीं होगी। श्रद्धालु अपने जूते-चप्पल वाहनों में ही छोड़कर आएं या पुरानी विधानसभा के पास बनाए गए अस्थायी स्टैंड पर रखें। प्रवेश से लेकर दर्शन के बाद बाहर निकलने तक श्रद्धालुओं को लगभग 5 से 6 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए श्रद्धालु अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार ही दर्शन की योजना बनाएं और साथ में पीने के पानी की बोतल अवश्य रखें।
जय निवास बाग से निकास, कीमती सामान लाने पर रोक
दर्शन के पश्चात श्रद्धालुओं का निकास जय निवास बाग के पूर्वी एवं पश्चिमी गेटों से ही होगा। दर्शनार्थियों को दोबारा प्रवेश मार्ग की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा कारणों से मंदिर में लेडीज पर्स, बैग, आभूषण, लैपटॉप, कैमरा, प्रसाद, फल, मिठाई और नारियल लाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों से ऑनलाइन दर्शन की अपील
भारी भीड़ और गर्मी को देखते हुए गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, अति वरिष्ठ नागरिकों, हृदय रोगियों, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और सांस की बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को घर पर रहकर ही ‘गोविन्दम’ ऐप अथवा मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए लाइव दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करने की सलाह दी गई है।
अफवाहों से बचें, आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को देने और किसी भी प्रकार की अफवाह या धक्का-मुक्की से बचने का आग्रह किया है।
- पुलिस थाना माणकचौक: 0141-2607071, 0141-2601366
- पीयूष कविया (सहायक पुलिस आयुक्त, माणकचौक): 8764867016, 9001091167
- राकेश ख्यालिया (थानाधिकारी, पुलिस थाना माणकचौक): 9001236520