गोड्डा (झारखंड) से दौराई (अजमेर) तक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत — सांसद चौधरी ने जताया आभार
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 02,2025
(हरिप्रसाद शर्मा) अजमेर। झारखंड के गोड्डा से राजस्थान के दौराई (अजमेर) तक यात्रियों के लिए एक नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है। इस सेवा से अजमेर जिले के किशनगढ़, मदार, अजमेर और दौराई समेत आसपास के क्षेत्रों के लाखों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद भागीरथ चौधरी ने बताया कि इस ट्रेन सेवा का उद्घाटन 27 जुलाई को गोड्डा रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन (19603) और (19604) के रूप में किया गया था, जो 33 घंटे 30 मिनट की लंबी यात्रा के बाद अजमेर जिले के दौराई स्टेशन तक पहुँची। अजमेर में इसका औपचारिक शुभारंभ 3 अगस्त को किया जाएगा।
कई राज्यों को जोड़ेगी नई ट्रेन
यह ट्रेन झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए अजमेर संसदीय क्षेत्र में प्रवेश करेगी। संसदीय क्षेत्र के भीतर इसका ठहराव किशनगढ़, मदार, अजमेर और दौराई स्टेशनों पर होगा।
चौधरी ने इस नई सेवा को क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि यह ट्रेन न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन, तीर्थयात्रा और रोजगार के अवसरों के लिए भी बेहद लाभकारी सिद्ध होगी।
नियमित संचालन का शेड्यूल
- ट्रेन संख्या 19603: दौराई से गोड्डा – हर रविवार
- ट्रेन संख्या 19604: गोड्डा से दौराई – हर मंगलवार
दोनों ट्रेनों की नियमित सेवा क्रमशः 3 अगस्त 2025 और 5 अगस्त 2025 से शुरू होगी।
यात्रा का विवरण
- कुल दूरी: 1,666 किलोमीटर
- यात्रा अवधि: लगभग 33 घंटे 30 मिनट
- कुल ठहराव: 35 से अधिक स्टेशन
- कोच संरचना: 22 आधुनिक LHB कोच (स्लीपर, थर्ड AC, सेकंड AC, जनरल)
- इंजन: हाई-राइज़ पेंटोग्राफ के साथ इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव
- रख-रखाव केंद्र: अजमेर रेल मंडल का मदार यार्ड
स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ
नई ट्रेन सेवा से अजमेर जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा में सीधे कनेक्टिविटी मिलेगी। तीर्थयात्रियों के साथ-साथ व्यापारियों और विद्यार्थियों के लिए भी यह सेवा बेहद सहायक होगी।
सांसद चौधरी ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया और कहा कि सरकार का उद्देश्य देश के हर हिस्से को सुविधाजनक व सस्ती रेल सेवाओं से जोड़ना है।