गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गुरुद्वारे में नवाया शीश
नरेश गुनानी •
05 नवम्बर 2025 — जयपुर।
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत बुधवार को जोधपुर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचे, जहां उन्होंने गुरु नानक देव जी को नमन किया और श्रद्धापूर्वक अरदास में सहभागी बने।
गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सिख समुदाय और देशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन मानवता, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के उपदेश आज भी समाज में समरसता, करुणा और सह-अस्तित्व के मूल्यों को सशक्त करते हैं।

इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में उन्होंने सहभागिता निभाई और रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक श्रेष्ठ मानव सेवा है, जो जीवन बचाने का माध्यम बनती है।
कार्यक्रम में त्रिभुवन सिंह भाटी, प्रतिपाल सिंह वालेचा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इससे पूर्व गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जोधपुर निवास पर नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक समाधान के लिए आश्वासन दिया। तत्पश्चात उन्होंने हवाई मार्ग से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया।

