गुरुद्वारे के पास परिषद द्वारा लगाया गया स्वागत द्वार गिरा, बड़ा हादसा टला
(हरिप्रसाद शर्मा) पुष्कर/अजमेर।
पुष्कर में नगर परिषद की ओर से गुरुद्वारे के पास लगाया गया स्वागत द्वार तेज हवाओं के कारण रविवार को अचानक गिर गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि एक यात्री को मामूली चोट लगने की सूचना मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुष्कर मेले एवं मुख्यमंत्री तथा कैबिनेट मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत की संभावित आध्यात्मिक यात्रा को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद द्वारा यह स्वागत द्वार लगाया गया था। दोपहर के समय क्षेत्र में चली तेज हवाओं के चलते स्वागत द्वार असंतुलित होकर सड़क के बीचोंबीच गिर पड़ा, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही नगर परिषद के कार्मिक मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर रास्ता साफ करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय क्षेत्र में अधिक लोगों की आवाजाही नहीं थी, अन्यथा यह घटना बड़ा रूप ले सकती थी।
स्थानीय लोगों ने परिषद प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह की अस्थायी संरचनाओं को मज़बूती से लगाया जाए ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।