“गीव अप” अभियान की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर तक बढ़ी

“गीव अप” अभियान की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर तक बढ़ी

अपात्र लाभार्थियों को मिला अंतिम अवसर, उसके बाद होगी वसूली व दंडात्मक कार्रवाई

गौरव कोचर •

(जयपुर, 17 अक्टूबर)।
राजस्थान सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा संचालित “गीव अप” अभियान को जनता के व्यापक समर्थन और सफलता को देखते हुए इसकी अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2025 तक बढ़ा दी गई है। अब अपात्र लाभार्थियों को खाद्य सुरक्षा सूची से अपना नाम हटवाने के लिए अंतिम अवसर प्रदान किया गया है।

यह अभियान 1 नवंबर 2024 को प्रारंभ किया गया था, जिसके तहत ऐसे परिवारों से अपील की गई थी कि जो खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र नहीं हैं, वे स्वेच्छा से सूची से अपना नाम हटवाएं।

कौन-कौन हैं ‘अपात्र’ श्रेणी में शामिल

खाद्य सुरक्षा सूची से नाम हटवाने के लिए प्रेरित किए जा रहे परिवारों में शामिल हैं —

  • वे परिवार जिनका कोई सदस्य सरकारी, अर्द्धसरकारी या स्वायत्तशासी संस्थान में नियमित कर्मचारी/अधिकारी है।
  • वे परिवार जिनके किसी सदस्य को एक लाख रुपये से अधिक वार्षिक पेंशन प्राप्त होती है।
  • वे परिवार जिनकी कुल वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक है।
  • निजी चारपहिया वाहन धारक।
  • आयकरदाता व्यक्ति या परिवार।

कार्रवाई और दंड का प्रावधान

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि 31 अक्टूबर 2025 के बाद भी यदि कोई अपात्र व्यक्ति खाद्य सुरक्षा सूची में शामिल पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध जुर्माना और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग द्वारा तय अनुसार, वसूली की गणना ₹27 प्रति किलोग्राम के दर से उस अवधि तक की जाएगी, जिस दौरान व्यक्ति ने खाद्यान्न प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त उस पर ब्याज सहित राशि वसूली जाएगी।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश

जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने सभी उपखण्ड अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे ग्राम विकास अधिकारियों, पटवारियों और उचित मूल्य दुकानदारों के माध्यम से ऐसे अपात्र व्यक्तियों को अभियान की जानकारी दें और उन्हें नाम हटवाने के लिए प्रेरित करें।

इसके लिए जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों पर नाम हटवाने हेतु आवेदन पत्र उपलब्ध करवा दिए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति अपनी नजदीकी दुकान से आवेदन लेकर फार्म जमा करा सकता है।

ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

खाद्य सुरक्षा सूची से नाम हटवाने के इच्छुक व्यक्ति खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की वेबसाइट food.rajasthan.gov.in पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

अब तक का अभियान परिणाम

जिला जयपुर में अब तक 2,68,889 व्यक्तियों को खाद्य सुरक्षा सूची से पृथक किया जा चुका है। साथ ही 3726 अपात्र व्यक्तियों को स्वेच्छा से नाम हटाने के लिए नोटिस भी जारी किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जो व्यक्ति “गीव अप” श्रेणी में आते हैं, वे स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा सूची से अपना नाम हटवाकर योग्य लाभार्थियों को लाभ प्राप्त करने का अवसर दें।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का सख्त एक्शन: 488 मामले दर्ज, 78 आरोपी गिरफ्तार

जयपुर/ गौरव कोचर/राजस्थान में अन्य राज्यों से होने वाली...