महागामा (गोड्डा) नेहा रंजन/राजेंद्र स्टेडियम, ऊर्जा नगर, महागामा में झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एम्पलाइज फेडरेशन (झारोटेफ) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय संगठन सचिव अतिकुर रहमान ने की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सह अनुमंडल प्रवक्ता रीतेश रंजन द्वारा किया गया।
बैठक में संगठन की भावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श करने के साथ ही सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संगठन के संघर्षों और विभिन्न आंदोलनों को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया जगत की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है। पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, कैशलेस मेडिकल सुविधा तथा चाइल्ड केयर लीव (CCL) जैसी प्रमुख मांगों को लेकर झारोटेफ द्वारा चलाए गए आंदोलनों को पत्रकारों ने निरंतर प्रमुखता से स्थान दिया। पत्रकारों की निष्पक्ष और निरंतर रिपोर्टिंग के कारण ही कर्मचारियों की आवाज न केवल समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंची, बल्कि सरकार तक भी मजबूती से दर्ज हुई।
उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा एवं चाइल्ड केयर लीव जैसी मांगों पर सरकार की सकारात्मक मुहर लगने में कर्मचारियों के आंदोलन के साथ-साथ प्रेस प्रतिनिधियों का भी ऐतिहासिक योगदान रहा है। पत्रकारों के इसी अमूल्य सहयोग, समर्पण और जनपक्षधरता के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से गांधी जयंती के पावन अवसर पर उन्हें सम्मानित करने का फैसला लिया गया है।
इस अवसर पर संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से प्रखंड सचिव गंगेश गुंजन, कोषाध्यक्ष अब्दुस शकूर, निलेश कुमार, राजेंद्र पंडित, सनातन कुमार दास, सुनील पंडित, शमशाद तथा खुर्शीद आलम शामिल थे।