“गर्व हुआ, उन्होंने हार नहीं मानी” — डीजीपी ने कांस्टेबल खीम सिंह की वीरता को किया सलाम
✍️ संपादन : गणेश शर्मा, टेलीग्राफ टाइम्स जयपुर, 21 अगस्त
राजस्थान पुलिस महानिदेशक श्री राजीव शर्मा ने जैसलमेर जिले के कांस्टेबल खीम सिंह की बहादुरी की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। डीजीपी ने कहा कि खीम सिंह की निस्वार्थ सेवा, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा पूरे पुलिस संगठन और समाज के लिए प्रेरणादायक है।
जैसलमेर में हुए एक दर्दनाक हादसे के दौरान कांस्टेबल खीम सिंह ने खतरे की परवाह किए बिना तेजाब हमले का शिकार हुए युवक की जान बचाई। इस दौरान वे स्वयं भी तेजाब से झुलस गए, लेकिन हार नहीं मानी और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुँचाकर उसका जीवन सुरक्षित किया।
डीजीपी राजीव शर्मा ने कहा—
“ऐसे जांबाज पुलिसकर्मी ही राजस्थान पुलिस की असली ताकत हैं, जिन पर संगठन और समाज गर्व करता है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह घटना राजस्थान पुलिस के उस आदर्श को दर्शाती है, जहाँ पुलिसकर्मी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि आमजन की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए भी हर चुनौती का सामना करने को तत्पर रहते हैं।
डीजीपी ने कांस्टेबल खीम सिंह के इस साहसिक कार्य को सेवा और समर्पण की मिसाल बताते हुए अन्य पुलिसकर्मियों से भी प्रेरणा लेने का आह्वान किया।