खैरथल-तिजारा/नरेश गुनानी/मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि खैरथल-तिजारा आने वाले समय में केवल राजस्थान का ही नहीं, बल्कि समूचे देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बनकर उभरेगा। दिल्ली-एनसीआर से निकटता, भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ डबल इंजन सरकार के प्रयासों से यह क्षेत्र तेजी से प्रगति कर रहा है। सरकार यहां समग्र विकास, सुगम आवागमन और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण के लिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सोमवार को खैरथल में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों के विकास के लिए 117 करोड़ रुपये की लागत के 95 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें सड़क, पुस्तकालय, पार्क, गौशाला, किसान सेवा केंद्र और खेल मैदान से जुड़े 72 कार्यों का शिलान्यास तथा सड़क व शिक्षा क्षेत्र के 23 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
सहकारिता और किसान कल्याण में बड़े कदम
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में भ्रष्टाचार को समाप्त कर ग्राम पंचायत स्तर पर सहकारी समितियों को पुनः सक्रिय किया है। परिणामस्वरूप करीब 10 लाख नए सदस्य सहकारिता तंत्र से जुड़े हैं। पिछले ढाई वर्षों में दैनिक दूध उत्पादन 34 लाख लीटर से बढ़कर 47 लाख लीटर तक पहुंच गया है। इसके साथ ही, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त वित्तीय संबल भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
खैरथल-तिजारा के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं:
- रामजल सेतु लिंक परियोजना के तहत नीमराणा बांध के निर्माण कार्य की शुरुआत।
- 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क का विकास कार्य।
- तिजारा से फिरोजपुर (हरियाणा सीमा) तक सड़क का सुदृढ़ीकरण।
- जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के नए अधिशासी अभियंता पद का सृजन।
- जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) के नए अधिशासी अभियंता कार्यालय की स्थापना।
युवा एवं महिला सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश में 1 लाख 90 हजार सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। लखपति दीदी योजना से लाभान्वित महिलाओं की संख्या 11 लाख से बढ़कर 19 लाख हो गई है। 57 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों को जोड़कर 928 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। बालिकाओं के लिए स्कूटी योजना और विद्यार्थियों के लिए पोशाक की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है।
सड़क, जल और ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में रामजल सेतु, यमुना जल, नर्मदा जल और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना जैसे चार ऐतिहासिक जल समझौतों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन दिए गए हैं। 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। आधारभूत ढांचे के तहत 10 हजार किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण हुआ है और 813 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत 327 अटल प्रगति पथों में से 282 पूरे हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र से प्रस्तावित आरआरटीएस (RRTS) को बहरोड़ और कोटपूतली तक विस्तार देने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है।
समारोह में प्रमुख जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खैरथल क्षेत्र में जिला मुख्यालय, मेडिकल कॉलेज, स्टेडियम और बस स्टैंड जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में ठोस कार्य हो रहा है। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने बताया कि प्रदेश के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में बिना भेदभाव के विकास बजट का आवंटन किया गया है।
कार्यक्रम में विधायक महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह, कुलदीप धनकड़, हंसराज पटेल, देवी सिंह शेखावत, अलवर महापौर सुमनलता अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।