खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 के सफल आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश
By : प्रीति बालानी
टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 18 अगस्त।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए गांवों से लेकर कस्बों तक श्रेष्ठ खेल सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने युवा मामले एवं खेल विभाग के अधिकारियों को बजटीय घोषणाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 के सफल आयोजन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि आगामी खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स से प्रदेश में खेलों का व्यापक माहौल बनेगा। इसके लिए खेल विभाग को निरंतर खेल सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
सर्वोत्तम व्यवस्थाएं हों सुनिश्चित
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन में देश-प्रदेश से हजारों प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उनके आवास, आवागमन, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की सर्वोत्तम व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने स्थानीय निकायों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों को समन्वय के साथ कार्य कर आवश्यक सेवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, जयपुर के अलावा अन्य जिलों में भी आयोजन की संभावनाओं पर विचार करने को कहा।
युवाओं की अधिक सहभागिता पर जोर
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन की तैयारियों में किसी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाए और श्रेष्ठ सुझावों को समाहित किया जाए। खेल मैदानों का चयन ऐसे स्थानों पर हो जहां खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। खेलों के संचालन के लिए एक मोबाइल ऐप तैयार करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं।
पंचायत से लेकर जिला स्तर तक तैयारियां
मुख्यमंत्री ने पंचायत, उपखंड और जिला स्तर तक खेलों का अनुकूल वातावरण तैयार करने और प्रतियोगिताओं का आयोजन कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए पर्याप्त मानव संसाधन आवश्यक है, इसलिए युवा मामले एवं खेल विभाग में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती की जाए।
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट’ अवधारणा को मिले बढ़ावा
राज्य में विभिन्न खेलों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट’ की अवधारणा के तहत प्रत्येक जिले में एक खेल को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा। इससे अलग-अलग खेलों में उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार हो सकेंगे। इसके लिए जिला कलेक्टरों से संसाधन और आवश्यकताओं की रिपोर्ट मंगवाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि वहां के अनुरूप आधारभूत ढांचा विकसित किया जा सके। साथ ही, प्रत्येक जिले में खेल विशेषज्ञों को संयोजक के रूप में नियुक्त करने की कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए, जो प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाएंगे।
बैठक में युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।