खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 की तैयारियाँ अंतिम चरण में, सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश
राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद —
जयपुर, 18 नवंबर 2025।
नरेश गुनानी, टेलीग्राफ टाइम्स
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियाँ अब अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। मंगलवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित अर्जुन मीटिंग हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में शासन सचिव, युवा मामले और खेल विभाग तथा अध्यक्ष राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद डॉ. नीरज के. पवन और जिला कलेक्टर जयपुर जितेन्द्र कुमार सोनी ने विभिन्न विभागों, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उद्घाटन समारोह की तैयारियों को रफ्तार
बैठक में बताया गया कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का भव्य उद्घाटन समारोह 24 नवंबर को सवाई मानसिंह स्टेडियम के मुख्य मैदान में आयोजित किया जाएगा।
प्रतिभागी टीमें 22 नवंबर से जयपुर पहुंचना शुरू कर देंगी। इसको ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर विशेष खेलो इंडिया रिसेप्शन सेंटर स्थापित करने तथा खिलाड़ियों को सुगमता से उनके आवास या खेल स्थलों तक पहुंचाने के लिए बसों सहित सभी परिवहन साधनों की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा, आवास और भोजन व्यवस्थाओं की समीक्षा
बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, आवासन, खानपान, परिवहन और प्रचार-प्रसार से जुड़े विभागों ने अपनी तैयारियों की जानकारी दी।
आवास व्यवस्थाओं, खिलाड़ियों के भोजन, सुरक्षा प्रबंधन, आयोजन स्थलों की स्वच्छता और ट्रैफिक प्लान को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया गया।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शेष कार्यों को समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और पूरे आयोजन में किसी भी प्रतिभागी अथवा आगंतुक को असुविधा न हो।
समन्वय के लिए विशेष वाट्सऐप समूह
खेलो इंडिया आयोजन से जुड़े क्रीड़ा परिषद, जिला प्रशासन और इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी की समितियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए विशेष वाट्सऐप ग्रुप बनाए जाने के निर्देश दिए गए।
इससे विभिन्न विभागों के बीच त्वरित संवाद, समस्याओं के तुरंत समाधान और आयोजन की गतिविधियों की सुचारू मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सकेगी।
कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई पर जोर
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि—
- सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए
- खिलाड़ियों के आगमन से लेकर उनके प्रवास तक की हर गतिविधि पर विशेष ध्यान रखा जाए
- किसी भी तरह की तकनीकी, प्रशासनिक या लॉजिस्टिक समस्या उत्पन्न होने पर तुरंत कार्रवाई की जाए
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 को सफल और यादगार बनाने के लिए सभी विभागों को एक टीम की तरह समन्वयित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए।