खेलों से निखरेगी युवा प्रतिभा, सर्वांगीण विकास में योगदान – वन राज्यमंत्री संजय शर्मा
13 सितम्बर 2025, नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स।
अलवर जिले के सोफिया पब्लिक स्कूल में शनिवार को 69वीं जिलास्तरीय विधालयी बास्केटबॉल और हैंडबॉल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
समापन समारोह में संबोधन देते हुए श्री संजय शर्मा ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे खेल को खेल की भावना से खेलें, जिससे उनकी प्रतिभा और व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो।

वन राज्यमंत्री ने कहा कि अलवर जिले ने खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की पहल पर इंदिरा गांधी स्टेडियम में 7 करोड़ रुपए की लागत से सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके अलावा, जिले के हॉकी खिलाड़ियों की मांग पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने खेल दिवस के अवसर पर प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में 10 करोड़ रुपए लागत के हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान की सौगात दी।
संजय शर्मा ने कहा कि खेलों की अच्छी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए CSR के माध्यम से बास्केटबॉल और हैंडबॉल के मैदानों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल हों।
समारोह में जिला प्रशासन और खेल जगत के प्रबुद्ध नागरिकों की उपस्थिति रही, जिनमें श्री मुरारी लाल भारद्वाज, मुकेश गौड़, अशोक पाठक, अंजना शर्मा, पं. जले सिंह, भगवान शर्मा, नवीन शर्मा, गोपी शर्मा, मोहित, हेमंत, संदीप, हरीश अरोड़ा, कृष्ण गुप्ता शामिल थे। बड़ी संख्या में खिलाड़ी और अन्य गणमान्य नागरिक भी इस अवसर पर मौजूद थे।
कार्यक्रम का समापन खेल भावना और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों पर भी ध्यान देंगे और अपने व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज और पर्यावरण की सेवा में भी योगदान देंगे।