कोरोना के बढ़ते मामलों पर बोले राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री, बेनीवाल की रैली पर भी दी प्रतिक्रिया
Edited By: नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 25, 2025
जयपुर: राजस्थान में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। जयपुर, जोधपुर और उदयपुर में कोरोना के नए मरीज मिलने से लोगों में हलचल है। खास बात यह है कि जयपुर और उदयपुर में पाए गए संक्रमित मरीज कोरोना के नए वेरिएंट से प्रभावित हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
“अभी चिंता की बात नहीं, लेकिन अलर्ट रहना जरूरी” — खींवसर
स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा, “देश में 140 करोड़ की आबादी में अभी तक सिर्फ 246 लोग संक्रमित मिले हैं। कोरोना का जो नया वेरिएंट है, वह ज्यादा खतरनाक नहीं है। लेकिन हमें सतर्क जरूर रहना चाहिए। घबराने की कोई जरूरत नहीं है, स्थिति सरकार की निगरानी में है।”
बता दें कि देशभर में कोरोना के मामलों में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। खासकर मुंबई, दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम जैसे बड़े शहरों में संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता में डर का माहौल बन रहा है।
गर्भवती महिला की मौत की जांच जारी, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
एसएमएस अस्पताल में एक गर्भवती महिला की मौत के मामले पर भी मंत्री खींवसर ने प्रतिक्रिया दी। बताया गया कि महिला को गलत ब्लड ग्रुप का खून चढ़ा दिया गया था। इस पर मंत्री ने कहा, “एक हाई पावर कमेटी गठित की गई है जो तथ्यों और CCTV फुटेज के आधार पर यह तय करेगी कि किसकी गलती से यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई। जो भी जिम्मेदार होगा, उसे सख्त सजा दी जाएगी।”
बेनीवाल की रैली पर बोले मंत्री, “किसी दबाव में नहीं आएंगे”
वहीं, सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर आज (25 मई) को आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल जयपुर में रैली कर रहे हैं। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने दो टूक कहा, “हनुमान बेनीवाल दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मैं खुद जांच समिति का सदस्य हूं। कोर्ट ने एक तारीख दी है और उसी अनुसार हम रिपोर्ट सौंपेंगे। हम किसी भी राजनीतिक दबाव में निर्णय नहीं लेंगे।”
राजस्थान में जहां एक ओर स्वास्थ्य विभाग कोरोना के संभावित खतरे से निपटने की तैयारी में जुटा है, वहीं राजनीतिक हलकों में बेनीवाल की रैली से माहौल गरमाया हुआ है। देखना होगा कि सरकार दोनों मोर्चों पर कैसे संतुलन बनाती है।

