कोटा में नाकाबंदी के दौरान ट्रक से 60 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, आबकारी विभाग की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी कार्रवाई

गौरव कोचर 

जयपुर, 18 मई। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में राजस्थान में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ एक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आबकारी विभाग ने पूरी मुस्तैदी से एक्शन मोड में काम करते हुए कोटा में एक बड़ी सफलता हासिल की है। विभाग ने हाईवे पर नाकाबंदी कर एक ट्रक से करीब 60 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की है।

​अतिरिक्त आयुक्त कोटा जोन नरेश कुमार मालव ने बताया कि अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के विरुद्ध गश्त, नाकाबंदी तथा दबिश की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रक के जरिए भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोटा में रविवार रात को नेशनल हाईवे 52 पर नया टोल प्लाजा गोपालपुरा के समीप विशेष नाकाबंदी की गई।

​नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर जब उसकी सघन तलाशी ली गई, तो अधिकारियों को चकमा देने के लिए ट्रक के भीतर टाट की बोरियों के नीचे शराब के कार्टन छुपाकर रखे गए थे। बोरियों को हटाकर देखने पर वहां से ‘फोर सेल इन चंडीगढ़’ (चंडीगढ़ में बिक्री के लिए स्वीकृत) ब्रांड राजस्थानी व्हीस्की की एक बड़ी खेप बरामद हुई। मौके पर ट्रक से कुल 1,360 कार्टन जब्त किए गए, जिनमें 65 हजार 280 पव्वे भरे हुए थे। बाजार में इस बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।

​यह पूरी कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी बारां देवेन्द्र गिरी, जिला आबकारी अधिकारी कोटा विवेक शर्मा और सहायक आबकारी अधिकारी नारायण सिंह तोमर के संयुक्त नेतृत्व में अंजाम दी गई। कार्रवाई की इस महत्वपूर्ण सफलता में आबकारी निरीक्षक चेतन, प्रदीप मीणा, पीओ प्रमोद सिंह, हंसराज मीणा और पृथ्वीराज सिंह मीणा सहित पूरा आबकारी जाब्ता मुस्तैदी के साथ शामिल रहा।

​उल्लेखनीय है कि कोटा में हुई इस बड़ी कार्रवाई से पूर्व आबकारी विभाग द्वारा हनुमानगढ़, उदयपुर और जोधपुर जिलों में भी ट्रकों से अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त की जा चुकी है। विभाग की इस निरंतर कार्रवाई से न केवल अन्य राज्यों से राजस्थान में होने वाली शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगेगी, बल्कि राज्य सरकार को होने वाली भारी राजस्व क्षति को भी रोका जा सकेगा।

समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश: लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सभी अधिकारियों को ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हाल ही में आयोजित एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए विशेष निरोधात्मक अभियान की समीक्षा की।

​समीक्षा के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन जिलों में अब तक अवैध मदिरा के खिलाफ प्रभावी और संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है, वहां इस अभियान को और अधिक कड़ाई के साथ जारी रखा जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि प्रदेश में अन्य राज्यों की अवैध शराब की तस्करी, निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने में यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी सजगता से कार्य नहीं करेगा, तो सीधे तौर पर उसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी और उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

विकसित भारत 2047 की परिकल्पना: सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय शिक्षा शिखर सम्मेलन का शुभारंभ

जयपुर।/योगेश शर्मा/सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय (एसजीवीयू), जयपुर में तीन...