कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, 4 की मौत, नेताओं ने जताया शो
रिपोर्ट: दिव्या तिवाड़ी
Edited By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 13,2025
जयपुर/कोटा।
कोटा जिले के इटावा क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बुढ़ादीत थाना क्षेत्र के चंबल पुल के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान सुरेश सोनी, गीता सोनी और अनिल के रूप में हुई है। ये सभी इंदौर से गोद भराई का कार्यक्रम निपटाकर करौली लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा,
“कोटा के इटावा क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि की सूचना अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन को घायलों के त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा,
“ईश्वर मृतकों की पुण्यात्माओं को शांति प्रदान करे तथा शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दे। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
वहीं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी हादसे पर शोक जताया और कहा,
“यह अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक समाचार है। मेरी गहरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें और घायल जल्द स्वस्थ हों।”
फिलहाल बुढ़ादीत थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।