| गौरव कोचर
कोटा/जयपुर, 24 दिसंबर। राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने अपने कोटा दौरे के दौरान पुलिस लाइन में सामुदायिक विकास और नवाचार की अनूठी मिसाल पेश की। डीजीपी ने पुलिस लाइन परिसर में नवनिर्मित ‘नव विधान पार्क’ और एक आधुनिक लाइब्रेरी का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने परंपरा से हटकर स्वयं फीता काटने के बजाय एक प्रतिभावान युवा खिलाड़ी देवांशी के हाथों लोकार्पण करवाकर नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

कचरे के ढेर से ‘ओपन जिम’ तक का सफर
कोटा एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि जिस स्थान पर आज सुंदर पार्क और ओपन जिम बना है, वह कभी कचरे के ढेर से भरा रहता था। कोटा विकास प्राधिकरण और नगर निगम के सहयोग से इस स्थान का कायाकल्प किया गया है। डीजीपी ने इस पहल की सराहना की और निर्देश दिए कि पार्क में नवीन आपराधिक कानूनों (BNS आदि) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी अंकित करवाई जाए ताकि यहां आने वाले लोग जागरूक हो सकें।
आधुनिक लाइब्रेरी और ‘आईगोट’ प्लेटफॉर्म पर जोर
पार्क के बाद डीजीपी ने पुलिसकर्मियों के बौद्धिक विकास के लिए तैयार की गई आधुनिक लाइब्रेरी और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। लाइब्रेरी का अवलोकन करते हुए उन्होंने वहां उपलब्ध डिजिटल कंटेंट और पुस्तकों के संग्रह की प्रशंसा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए ‘आईगोट’ (iGOT) प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी।
साइबर सतर्कता और नारी शक्ति पर प्रदर्शनी
डीजीपी ने ‘सुरक्षित नारी-सशक्त समाज’ और ‘साइबर सतर्कता’ जैसे विषयों पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया। इस प्रदर्शनी में ऑडियो-विजुअल माध्यमों से नवीन कानूनों और पुलिस की आधुनिक कार्यप्रणाली को बेहद प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
पुलिस परिवार से संवाद और बच्चों का सम्मान
इस अवसर पर डीजीपी ने पुलिस परिवार के प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित करते हुए कहा कि वे पुलिस परिवार की शान हैं और उन्हें पूरे समर्पण के साथ अपना करियर बनाना चाहिए। उन्होंने पुलिस क्वार्टरों में रहने वाले परिजनों से भी मुलाकात की और क्षतिग्रस्त आवासों की जल्द मरम्मत कराने के लिए आश्वस्त किया।