कोटा पुलिस ने गुजरात के दो व्यापारियों को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बचाया, दो आरोपी गिरफ्तार – अश्लील वीडियो बनाकर फिरौती वसूलने वाले गिरोह का खुलासा
गौरव कोचर
जयपुर, 23 सितंबर। कोटा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र से अपहृत गुजरात के दो व्यापारियों को सुरक्षित मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर उनके पास से दो देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। यह गिरोह गन पॉइंट पर अश्लील वीडियो बनाकर पीड़ितों को ब्लैकमेल करता था और पहले भी कई लोगों से लाखों रुपये की फिरौती वसूल चुका है।
शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि गुजरात निवासी व्यापारी जयेश दत्ताणी और पांड्या हिम्मत भाई पिछले दो वर्षों से महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में सूरत के कारोबारी जयदीप गिड्डा की कंपनी संचालित कर रहे थे। 18 सितंबर की सुबह पांच हथियारबंद बदमाश उनके मल्कापुर स्थित निवास पर पहुंचे, उन्हें धमकाकर हाथ-पैर बांध दिए और अपनी गाड़ी में डालकर अपहरण कर लिया।
सूचना मिलने पर थाना रेलवे कॉलोनी पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी और थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में जिला स्पेशल टीम के साथ त्वरित कार्रवाई की। भदाना पेट्रोल पंप के पास नाकाबंदी कर पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया और दोनों व्यापारियों को सुरक्षित छुड़ा लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अपहरणकर्ताओं ने पीड़ितों को पहले महाराष्ट्र के अमरावती स्थित एक फार्महाउस पर रखा। वहां जयेश दत्ताणी को पिस्टल की नोक पर गिरोह में शामिल एक महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाने के लिए मजबूर किया गया। इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर गिरोह ने 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती की रकम लेने के लिए गिरोह के तीन सदस्य इल्लु, आमान पठान और सद्दाम अमरावती से निकल गए, जबकि मोहम्मद जुनैद और नेहाल अहमद दोनों व्यापारियों को कार में डालकर महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से होते हुए राजस्थान पहुंचे। उनका इरादा कोटा से सवाई माधोपुर होकर दिल्ली जाने का था।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य मोहम्मद जुनैद, नेहाल अहमद, इल्लु, अमान पठान उर्फ बब्बु, सद्दाम, रविन्द्र और ताहिर आपराधिक प्रवृत्ति के घनिष्ठ मित्र हैं। इन्होंने अमीर और प्रतिष्ठित लोगों को निशाना बनाने के लिए एक संगठित गिरोह बनाया हुआ है। यह गिरोह पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। उन्होंने जयपुर के एक व्यक्ति को ब्लैकमेल कर 8 लाख रुपये, महाराष्ट्र के एक राजनेता का अपहरण कर 11 लाख रुपये और एक शिक्षक से 2 लाख रुपये वसूल किए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद जुनैद (30) पुत्र मोहम्मद इमरान और नेहाल अहमद (26) पुत्र फिरोज अहमद, निवासी अमरावती, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना रेलवे कॉलोनी के एसएचओ रामस्वरूप मीणा, एसआई राम सिंह, सहायक उप निरीक्षक अब्दुल लतीफ, हेड कांस्टेबल कपिल गर्वे, कांस्टेबल लक्ष्मण, अजीत, सुरेश, राधेश्याम, दीवान, सहायक उप निरीक्षक रामवीर, हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र, अशोक कुमार, कांस्टेबल प्रदीप, शौकत, जयवीर और रोहिताश सहित जिला स्पेशल टीम के कई अधिकारी शामिल थे।
कोटा पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई की प्रदेशभर में सराहना की जा रही है।
