कोटा ट्रैवल मार्ट के प्रमोशन हेतु ऐतिहासिक रोड शो का आयोजन
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया संबोधन, पर्यटन क्षेत्र में अपार संभावनाओं पर डाला प्रकाश
लोकेंद्र सिंह शेखावत • वरिष्ठ संपादक
जयपुर। राजस्थान में पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा देने के उद्देश्य से होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान द्वारा दिल्ली में भव्य रोड शो का आयोजन किया गया। यह रोड शो आगामी कोटा ट्रैवल मार्ट 2025 के प्रमोशन के तहत आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटरों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि राजस्थान का हाड़ौती क्षेत्र प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध है और यह पर्यटन के नए आयाम खोलने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इको टूरिज्म, वाइल्डलाइफ टूरिज्म, ग्रामीण पर्यटन, धार्मिक पर्यटन, क्रूज़ पर्यटन, थार मरुस्थल पर्यटन और हेरिटेज सेक्टर में अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
श्री बिरला ने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में पर्यटन को प्रोत्साहन देने के लिए ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटरों और विभिन्न प्रचार माध्यमों की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी एजेंसियों और ऑपरेटरों से आगामी 2, 3 और 4 जनवरी को कोटा में आयोजित होने वाले “मेगा ट्रैवल मार्ट” में भाग लेने का आमंत्रण दिया, ताकि हाड़ौती के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने बताया कि दिल्ली रोड शो में शामिल हुए लगभग 300 ट्रैवल एजेंट्स ने हाड़ौती क्षेत्र के प्रमुख पर्यटक स्थलों — जैसे कोटा, बूंदी, झालावाड़, बारां — की पर्यटन क्षमता और निवेश अवसरों के बारे में गहन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ट्रैवल एजेंट्स इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, किलों, झरनों और हेरिटेज स्थलों से बेहद प्रभावित हुए और आगामी कोटा ट्रैवल मार्ट में भाग लेने के लिए उत्साहित दिखाई दिए।
इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संरक्षक सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा, अध्यक्ष हुसैन खान, सचिव रणविजय सिंह, कोटा संभाग अध्यक्ष अशोक महेश्वरी तथा संभाग सचिव संदीप पहाड़िया ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने यह मत व्यक्त किया कि यदि राज्य के विभिन्न पर्यटन सर्किट को सही रणनीति के साथ प्रमोट किया जाए, तो राजस्थान न केवल घरेलू बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी बन सकता है।
कार्यक्रम में होटल उद्योग, ट्रैवल एजेंसी, टूरिज्म प्रमोशन और निवेश से जुड़े अनेक प्रतिनिधि शामिल हुए। रोड शो में कोटा ट्रैवल मार्ट 2025 की योजनाओं, प्रदर्शकों और आयोजनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे यह उम्मीद जताई जा रही है कि जनवरी में आयोजित होने वाला यह मार्ट राजस्थान के पर्यटन क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा।