कोटपूतली-बहरोड़ कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला प्रभारी सचिव एवं आयुक्त विभागीय जांच, राजस्थान, अनिल कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि अतिवृष्टि जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन को हर स्तर पर सतर्क और तत्पर रहना होगा, ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा सकें। बैठक में जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी भी मौजूद रहीं।
Photo credit Telegraph Times
प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए अस्थायी आश्रय-स्थल की पूर्व तैयारी की जाए। साथ ही भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयाँ और कपड़े प्रभावित क्षेत्रों तक समय पर पहुँचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नियंत्रण कक्ष और हेल्पलाइन को 24×7 सक्रिय रखे और आमजन को सही व समयबद्ध जानकारी उपलब्ध कराए, ताकि अफवाहों को रोका जा सके। आपदा सुरक्षा दलों और स्वयंसेवकों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने के साथ-साथ चिकित्सा दल, पशु चिकित्सक दल और मोबाइल स्वास्थ्य इकाइयों को भी अलर्ट मोड पर रखा जाए। राहत शिविरों और प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन, भोजन की गुणवत्ता और बीमारियों की रोकथाम संबंधी जागरूकता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता से निस्तारण करने पर जोर दिया और कृषि विभाग को वर्षा से प्रभावित किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने गिरदावरी, फसल नुकसान सर्वे, बीमा दावे और मुआवजा प्रक्रिया की स्थिति की समीक्षा की। पशुहानि का आकलन, चारे की उपलब्धता, पशु-टीकाकरण के साथ-साथ पंचगौरव योजना, गाँव चलो अभियान, शहर चलो अभियान और सहकारिता सदस्यता अभियान पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने आगामी अभियानों को सफल बनाने के लिए टीम भावना से कार्य करने और बारिश के मद्देनजर प्रोएक्टिव होकर लक्ष्यों को हासिल करने पर बल दिया। साथ ही, प्री-कैंप्स को अधिक प्रभावी बनाने और जिले के पंचगौरव को संरक्षित करने के लिए ठोस कार्ययोजना पर अमल करने के निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग को भी सतर्क करते हुए प्रभारी सचिव ने जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह यादव को विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों का पुन: निरीक्षण कर दोहरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को प्रभारी सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने को कहा।