कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से की मुलाकात
रिपोर्ट: टेलीग्राफ टाइम्स /अवधेश बामल/ नई दिल्ली
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
नई दिल्ली, 18 अगस्त। राजस्थान के कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजस्थान में ग्रामीण और कृषि विकास को गति देने के लिए सड़क अवसंरचना से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

डॉ. मीणा ने कहा कि राज्य के ग्रामीण इलाकों के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए मजबूत सड़क नेटवर्क अनिवार्य है। उन्होंने विशेष रूप से महवा (दौसा) क्षेत्र की आवश्यकताओं का जिक्र करते हुए नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया से महवा-मंडावर से राजगढ़ तक बाईपास निर्माण के लिए सर्वे कार्य प्रारंभ करने का आग्रह किया। इस प्रस्तावित बाईपास के अंतर्गत मीन भगवान मंदिर ठेकड़ा के पास से होकर ग्राम पंचायत समलेटी, ठेकड़ा और अन्य पंचायतों के मार्ग से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया की जा रही है।
कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही, यातायात दबाव कम होने से स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान संभव होगा।
बैठक में महवा विधायक राजेन्द्र मीणा भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसका शीघ्र कार्यान्वयन करने की आवश्यकता पर बल दिया।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह बाईपास समय पर पूरा हो जाता है तो महवा और आसपास के गांवों को नई विकासधारा मिलेगी और कृषि उत्पादों के सुगम परिवहन से किसानों की आमदनी में भी वृद्धि होगी।