केलो नदी किनारे बादाम पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी
Edited By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 13,2025
रायगढ़। रविवार सुबह शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब कुछ लोग तड़के 5 बजे केलो नदी किनारे सैर पर निकले और एक बादाम के पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। शव एक साड़ी से बने फंदे में झूल रहा था। यह दृश्य देख लोग स्तब्ध रह गए और देखते ही देखते खर्राघाट रपटा के पास भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय लोगों ने चक्रधर नगर थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी अमित शुक्ला के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारते हुए मामले की जांच शुरू की।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस जांच में मृतक की पहचान शंकर भुइयां (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो खर्राघाट मोहल्ला, बेलादुला का रहने वाला था। शंकर एक टेंट हाउस में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया कि वह शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे काम के सिलसिले में घर से निकला था। रात में उसने अपनी मौसी के घर जाकर भोजन किया और फिर वहां से निकल गया।
मौत के कारणों पर सस्पेंस बरकरार
फिलहाल शंकर की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस को मौके पर किसी प्रकार का सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। यह भी रहस्य बना हुआ है कि वह रात में कब और किन हालात में केलो नदी किनारे पहुंचा और बादाम पेड़ पर फंदा लगाकर कैसे लटका मिला।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अमित शुक्ला ने बताया कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल्स की जांच के बाद ही साफ हो पाएगी।
इलाके में चर्चा का विषय
घटना के बाद से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, तो कुछ लोग इसके पीछे किसी साजिश की आशंका भी जता रहे हैं। मृतक के परिजन भी घटना को लेकर सदमे में हैं और किसी से बात करने की स्थिति में नहीं हैं।