केरू के बड़ली में ग्रामीण सेवा शिविर, मंत्री पटेल ने किया अवलोकन
नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स
जोधपुर, 18 सितम्बर। पंचायत समिति केरू की ग्राम पंचायत बड़ली में गुरुवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े के तहत ये शिविर अंत्योदय की भावना को धरातल पर लागू करने का प्रयास हैं, जिनसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुशासन की पहुंच सुनिश्चित हो रही है।शिविर में स्वामित्व योजना के तहत पट्टा वितरण, मूल निवास व जाति प्रमाण-पत्र जारी करना, फार्मर रजिस्ट्री, रास्तों और नामांतरण से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण किया गया। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीबी मुक्त भारत अभियान और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी वहां मौजूद ग्रामीणों को मिला।अवसर पर मंत्री पटेल ने अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री और एनएफएसए ई-केवाईसी का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंगला पशु बीमा योजना के लाभार्थियों को पॉलिसी वितरित कीं, पोषण किट का वितरण किया और “एक पेड़ मां के नाम” एवं “हरियालो राजस्थान” अभियान के तहत पौधारोपण किया।राजस्व विभाग ने मौके पर कई नामांतरण, शुद्धि पत्र और विभाजन संबंधी प्रकरणों का निस्तारण भी किया। शिविर में सरपंच किशनाराम कटारिया सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।