केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री व मुख्यमंत्री ने किया एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का निरीक्षण
देश की ऊर्जा क्षमता बढ़ाने में मील का पत्थर होगी रिफाइनरी – केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री
विकसित भारत की उभरती यात्रा में मील का पत्थर है राजस्थान रिफाइनरी – मुख्यमंत्री
बालोतरा , 24 अगस्त। रिपोर्ट मधुसूदन शर्मा ,संपादन नरेश गुनानी, टेलीग्राफ टाइम्स
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) का निरीक्षण किया। दोनों नेताओं ने रिफाइनरी परिसर में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) और डिलेयड कोकिंग यूनिट (डीसीयू) का गहन निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों से बातचीत कर उनके अनुभव साझा किए। इस दौरान रिफाइनरी मेन कंट्रोल रूम (आरएमसीआर) का उद्घाटन भी किया गया।
इसके पश्चात आरएमसीआर परिसर में ऑपरेटर प्रशिक्षण सिम्युलेटर का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने सीडीयू, वीडीयू और डीसीयू यूनिट के कंट्रोल पैनल से पम्पिंग सिस्टम की शुरुआत की और इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
निरीक्षण के बाद आरएमसीआर में परियोजना समीक्षा बैठक आयोजित हुई। एचपीसीएल अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रजेन्टेशन के माध्यम से रिफाइनरी की वर्तमान स्थिति, उत्पादन योजना और उत्पादकता का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री ने निर्देश दिए कि आगामी 15 दिनों में कौशल विकास की कार्ययोजना तैयार की जाए ताकि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।
राज्य सरकार देगी हरसंभव सहयोग
मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में सौर ऊर्जा और बैटरी स्टोरेज की नई संभावनाएं तलाशें। उन्होंने सांभरा स्थित रिफाइनरी अस्पताल को शीघ्र शुरू करने, उत्पादों की बिक्री की कार्ययोजना तैयार करने और परिसर में अधिकाधिक पौधारोपण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि रिफाइनरी की सभी इकाइयों को समय पर संचालित करने और पूर्ण क्षमता से कार्यशील बनाने में राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया।
केन्द्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों से बढ़ी रफ्तार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संतोष व्यक्त किया कि पिछले छह माह में केन्द्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से रिफाइनरी के कार्यों में उल्लेखनीय तेजी आई है। उन्होंने कहा कि यह रिफाइनरी न केवल स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएगी बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगी। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और चहुंमुखी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद राजेन्द्र गहलोत, विधायक हमीर सिंह भायल, डॉ. प्रियंका चौधरी, आदूराम मेघवाल, अरूण चौधरी, पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित विभिन्न उच्चाधिकारी और एचपीसीएल के अधिकारी मौजूद रहे।