केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने महान देशभक्त और अमर बलिदानी खुदीराम बोस की जयंती पर नमन किया
│गणेश शर्मा
शौर्य, साहस और मातृभूमि के लिए त्याग के प्रतीक खुदीराम बोस ने युवाओं को संगठित कर सशस्त्र क्रांति का मार्ग दिखाया
प्रविष्टि तिथि: 03 दिसंबर 2025, 11:40 AM |
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने महान देशभक्त और अमर बलिदानी खुदीराम बोस की जयंती पर उन्हें नमन किया है। इस अवसर पर अमित शाह ने X प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट जारी करते हुए कहा कि महान क्रांतिकारी खुदीराम बोस ने अपने शौर्य, अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति त्याग की भावना से देश के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा प्रदान की।
उन्होंने कहा कि खुदीराम बोस ने माँ भारती की स्वाधीनता के लिए युवाओं को संगठित कर सशस्त्र क्रांति की प्रेरणा दी और स्वदेशी आंदोलन के प्रति भी देशवासियों को जागृत किया। अंग्रेजी हुकूमत की कठिन यातनाओं के बावजूद वे अपने संकल्प से नहीं डिगे और मातृभूमि के लिए हँसते-हँसते बलिदान के पथ पर चलते रहे।
खुदीराम बोस की वीरगाथा आज भी प्रत्येक युवा के लिए राष्ट्र-प्रथम की भावना का अमूल्य प्रेरणास्रोत है। उनका त्याग और बलिदान भारतीय स्वतंत्रता इतिहास के स्वर्णिम अध्याय के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।