केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुक्ता प्रसाद नगर का शुभारंभ किया
नरेश गुनानी • वरिष्ठ संपादक
13 अक्टूबर 2025, जयपुर: केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोमवार को शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुक्ता प्रसाद नगर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि हमारे ऋषि, मुनि, संत और आध्यात्मिक चेतना के पुरोधाओं ने निरोगी शरीर को सर्वोच्च सुख बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। केंद्र और राज्य सरकार इसी भावना के तहत प्रदेश में चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव और शहरी क्षेत्रों में चिकित्सा और शिक्षा में सुधार लाने का श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान और राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के रूप में देश को दो बड़ी सौगातें दीं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।
अध्यक्ष ने बताया कि शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। केंद्र में पर्याप्त चिकित्सा विशेषज्ञ नियोजित करने के निर्देश दिए गए और कहा गया कि संसाधनों की किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि आने वाले समय में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज और पीबीएम अस्पताल को देश के 10 प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पीबीएम अस्पताल में कैंसर रोगियों के लिए डायमंड लैब की सुविधा शीघ्र ही प्रारंभ होने वाली है। आवश्यक आधारभूत सुविधाएं पहले ही मुहैया करवा दी गई हैं। लैब की सुविधा होने से कैंसर रोगियों की आवश्यक जांचों में समय की बचत होगी और अनावश्यक व्यय पर अंकुश लगेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 6 करोड़ रुपए की लागत से बने इस अस्पताल को विधिवत रूप से शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 100 मरीजों की ओपीडी होती है और सुविधाओं में लगातार वृद्धि की जाएगी।
कार्यक्रम में बीकानेर टेक्निकल यूनिवर्सिटी के कुलगुरु अखिल रंजन गर्ग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और स्थानीय गणमान्य उपस्थित रहे।