केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने जोधपुर और फलोदी की दिशा समितियों की बैठक ली —
06 अक्टूबर 2025| जयपुर। नरेश गुनानी
जोधपुर और फलोदी जिलों की जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की त्रैमासिक बैठक सोमवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने की। बैठक में केंद्र प्रवर्तित विकास योजनाओं, कार्यक्रमों और लोककल्याणकारी अभियानों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं, बजट घोषणाओं और व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं की समीक्षा भी की गई।

लोक सेवाओं के प्रबंधन और जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों जिलों में संचालित केंद्र सरकार की योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति पर निरंतर निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि लोक सेवाओं और नागरिक सुविधाओं का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
सार्वजनिक निर्माण विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन या अन्य यूटिलिटी क्षतिग्रस्त न हों, इसके लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाए और यूटिलिटी शिफ्टिंग की एकीकृत योजना के अनुरूप कार्य किया जाए, ताकि आमजन को असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान इसी उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है और अधिकारियों को इसके अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही जिलों की सड़कों के पेचवर्क कार्य को दीपावली से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
इंदिरा गांधी नहर के तृतीय चरण को इस वर्ष करें पूर्ण
केंद्रीय मंत्री ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए बंद पड़े हैंडपंपों और ट्यूबवेलों को शीघ्र क्रियाशील करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से कहा कि पेयजल से संबंधित सभी योजनाओं की सूक्ष्म स्तर पर समीक्षा की जाए और इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तृतीय चरण को इसी वर्ष पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्र में जल प्रबंधन सुदृढ़ हो सके।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान
केंद्रीय मंत्री ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने और प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर निगम आयुक्त को सीवरेज व्यवस्था में सुधार, साफ-सफाई बनाए रखने और अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने को कहा।
कृषि, ग्रामीण विकास और किसान कल्याण पर विशेष जोर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण विकास और किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में सुधार और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों से लंपि स्किन डिजीज की स्थिति की जानकारी ली और सुनियोजित टीकाकरण के निर्देश दिए।
आधारभूत सुविधाओं के विकास में जन-प्रशासनिक समन्वय आवश्यक
केंद्रीय मंत्री ने निर्देश दिए कि जिलों की सभी आंगनबाड़ियों में शौचालय, पेयजल और बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय रखते हुए जनता के हित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करना चाहिए, और जहां भी बाधाएं आएं, उन्हें संवाद और सहयोग से दूर किया जाए।
विकसित भारत के निर्माण के लिए डबल इंजन सरकार कृतसंकल्प
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को लेकर दृढ़संकल्पित है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों के समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और जनता से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें।
विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा
बैठक में जोधपुर जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और फलोदी जिला कलेक्टर श्वेता चौहान ने अपने-अपने जिलों में संचालित प्रमुख योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में महात्मा गांधी नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण/शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, कृषि विकास योजनाएं, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, स्मार्ट सिटी मिशन, डिजिटल इंडिया, उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली, सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, बिलाड़ा विधायक अर्जुनराम गर्ग, भोपालगढ़ विधायक गीता बरबड सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और जोधपुर-फलोदी के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।