किशनगढ़ बास (खैरथल-तिजारा) नरेश गुनानी/राजस्थान सरकार के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय द्वारा चलाए जा रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ के तहत मंगलवार को किशनगढ़ बास केमिस्ट एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दवा प्रतिष्ठानों पर स्वच्छता मानकों की पालना, औषधियों के वैज्ञानिक भंडारण और आमजन को सुरक्षित दवा उपयोग के प्रति जागरूक करने की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
‘स्वच्छता अपनाएं-स्वस्थ समाज बनाएं’ का दिया संदेश
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ‘स्वच्छता अपनाएं-स्वस्थ समाज बनाएं’ के ध्येय वाक्य को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी मेडिकल स्टोर्स पर प्रतिदिन नियमित सफाई हो, परिसर व्यवस्थित रहे और जैव-चिकित्सीय कचरे का निस्तारण निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि एक स्वच्छ और व्यवस्थित दवा प्रतिष्ठान ग्राहकों में भरोसा पैदा करने के साथ-साथ दवाओं की गुणवत्ता को भी बनाए रखता है।
कोल्ड चेन और सुरक्षित भंडारण पर विशेष जोर
बैठक में दवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए तकनीकी मानकों पर चर्चा हुई:
- तापमान और नमी नियंत्रण: जीवनरक्षक व संवेदनशील दवाओं को निर्धारित तापमान, नमी और सीधी धूप से बचाकर सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया।
- कोल्ड चेन मॉनिटरिंग: रेफ्रिजरेटर में रखी जाने वाली दवाओं के तापमान की नियमित निगरानी करने और उसका रिकॉर्ड रजिस्टर में संधारित करने के निर्देश दिए गए।
- एक्सपायरी दवाओं का सुरक्षित निस्तारण: एक्सपायर्ड और अनुपयोगी दवाओं को सामान्य कचरे में फेंकने पर पूर्ण प्रतिबंध की बात कही गई। इन्हें निर्धारित ड्रग डिस्पोजल प्रक्रिया के तहत ही नष्ट करने का निर्णय लिया गया।
ग्राहकों को जागरूक करेगा केमिस्ट एसोसिएशन
दवा विक्रेताओं ने तय किया कि वे काउंटर पर आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी जागरूक करेंगे। इसके तहत:
- हमेशा पंजीकृत व लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर से ही दवा खरीदने की सलाह दी जाएगी।
- बिल लेने और दवा की एक्सपायरी डेट स्वयं जांचने के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
- बिना चिकित्सकीय परामर्श (प्रिस्क्रिप्शन) के एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री न करने और मनमर्जी से दवा न लेने की चेतावनी दी जाएगी।
- दवाओं की वास्तविक कीमत और उपलब्धता जांचने के लिए केंद्र सरकार के ‘Pharma Sahi Daam’ मोबाइल ऐप के उपयोग की जानकारी ग्राहकों को दी जाएगी।
ये रहे उपस्थित
बैठक में नियमों की अक्षरशः पालना करने का साझा संकल्प लिया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रमुख सदस्य नरेश गुनानी, कमलेश पमनानी, अरविंद मिश्रा, नासिर खान, हैप्पी मिश्रा, रवी भगतानी, विजय सोडाणी, पंकज बतरा, साहिल और आशिक इलाही सहित क्षेत्र के कई दवा विक्रेता मौजूद रहे।